खुफिया ब्यूरो के सूत्रों के मुताबिक हैदराबाद के दिलसुख नगर धमाके के तार पाकिस्तान से जुड़े हैं। खुफिया सूत्रों के मुताबिक इंडियन मुजाहिदीन के सरगना यासीन भटकल को करीब 22 दिनों पहले चेन्नई में देखा गया था। खुफिया विभाग के अधिकारियों के मुताबिक लश्कर-ए-तैयबा प्रमुख हाफिज सईद और यासीन भटकल पिछले कई महीनों से संपर्क में थे।विभाग ने यह जानकारी गृह मंत्रालय को दी थी। केंद्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने भास्कर से कहा कि खुफिया विभाग की रिपोर्ट के बाद गृह मंत्रालय ने देशभर में अलर्ट जारी किया था लेकिन जगह और समय की निश्चित जानकारी नहीं थी। खुफिया विभाग ने यह भी बताया था कि लश्कर और इंडियन मुजाहिदीन के सरगना ने चार प्रमुख शहरों दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और हैदराबाद की मोटरसाइकल से रेकी की है।
अक्टूबर 2012 में दिल्ली ब्लास्ट के मामले में गिरफ्तार आतंकी मकबूल को भी इस रेकी की जानकारी थी। यासीन भटकल कुछ दिन पहले चेन्नई भी गया था और वहां से वह हैदराबाद के दिलसुख नगर इलाके में रेकी के लिए गया था। भटकल के साथ कुछ और आतंकी थे, जिनके नाम के कोडवर्ड हैं सिद्धी बप्पा, हड्डी, हसन, डेनियल और अहमद। खुफिया जानकारी के मुताबिक इंडियन मुजाहिदीन बड़े शहरों में स्थानीय माड्यूल तैयार करता है। 11 फरवरी को मुंबई पुलिस ने खुफिया विभाग को यह जानकारी दी थी कि इंडियन मुजाहिद्दीन और लश्कर किसी बड़े शहर में विस्फोट की योजना बना रहे हैं। हाल में कुछ आतंकियों के जम्मू के इलाकों में पनाह लेने की खबर मिली थी। उनका मंसूबा देश के कुछ बड़े शहरों में आतंकी वारदात को अंजाम देना था।