चीन के साथ फिर संयुक्त सैन्य अभ्यास की तैयारी
नेशनल ब्यूरो
| Dec 29, 2012, 11:08AM IST
नई दिल्ली। चीन के साथ एक बार फिर संयुक्त सैन्य अभ्यास की तैयारी शुरू कर दी गई है। केंद्र सरकार ने इसके लिए चीन के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी हो रही है। इससे पहले करीब 5 साल पहले दोनों देशों के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास हुआ था। हालांकि इस बार कोशिश की जा रही है कि यह पहले से बड़ा और लंबा अभ्यास हो।
विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा कि इस कार्य के लिए विदेश मंत्रालय की ओर से प्रारंभिक स्तर की वार्ता संपन्न हो चुकी है। वहीं इस मामले पर रक्षा मंत्रालय भी प्राथमिक कार्य कर चुका है। इस कार्य को गति देने के लिए जनवरी के दूसरे सप्ताह में रक्षा सचिव एक उच्च स्तरीय टीम के साथ चीन जाने वाले हैं। वहां पर वह अपने समकक्ष और अन्य रक्षा विशेषज्ञों के साथ बातचीत करेंगे।
इस अधिकारी ने कहा कि उनकी इस यात्रा के दौरान विदेश मंत्रालय के अधिकारी भी रहेंगे। हाल ही में चीन के साथ सीमा को लेकर एक बार फिर विवादों ने जोर पकड़ा था। सरकार ने संसद में कहा था कि चीन अवैध रूप से भारतीय जमीन पर है। इसके बाद दोनों के बीच खटास बढ़ा था। ऐसे में संयुक्त सैन्य अभ्यास को एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।







