Home >> National >> Latest News >> National >> Karnataka Outrightly Denied Sharing Kaveri Water With TN
तमिलनाडु को कावेरी का जल देना संभव नहीं: शेट्टार
एजेंसी
| Feb 18, 2013, 14:24PM IST

हुबली. मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार ने कहा है कि कर्नाटक अभी तमिलनाडु के लिए कावेरी जल नहीं छोड़ सकता। राज्य सूखे और पेयजल की भारी किल्लत का सामना कर रहा है। रविवार को अपने आवास पर पत्रकारों से चर्चा में उन्होंने यह बात कही। शेट्टार ने कहा कि राज्य से एक सर्वदलीय शिष्टमंडल सोमवार को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मुलाकात करेगा। शिष्टमंडल उनसे अनुरोध करेगा कि कावेरी जल विवाद न्यायाधिकरण के प्रस्तावित अंतिम फैसले को वह अधिसूचित नहीं करें।
उन्होंने बताया कि इस शिष्टमंडल में राज्य के सांसद, केंद्रीय मंत्री एवं विपक्ष के नेता शामिल होंगे। शिष्टमंडल सिंह को इस बात के लिए संतुष्ट करने का प्रयास करेगा कि अंतिम फैसले को अधिसूचित नहीं किया क्योंकि राज्य के समक्ष पेयजल और सूखे की भारी समस्या है। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘इन समस्याओं के बावजूद राज्य सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन करते हुए तमिलनाडु के लिए पानी जारी किया। लेकिन अब ऐसा संभव नहीं है।’
नरीमन की हटाने के पक्ष में नहीं
शेट्टार ने कावेरी मामले में कर्नाटक के कानूनी दल के प्रमुख की जिम्मेदारी से फाली एस. नरीमन को हटाने की मांग को खारिज करते हुए कहा कि वह इस मामले में 40 साल से राज्य का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। कर्नाटक ने खड़ी फसलों को बचाने के लिए 2.44 टीएमसी पानी छोड़ने के सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन करते हुए नौ फरवरी को तमिलनाडु के लिए पानी जारी किया था। पानी जारी किए जाने का किसान संगठनों ने भारी विरोध किया था।








