सूर्यनेल्ली मामले में कुरियन को मिल सकती है राहत
एजेंसी | Feb 13, 2013, 14:34PM IST

तिरुवनंतपुरम. सूर्यनेल्ली दुष्कर्म मामले में मुश्किलों में घिरे राज्यसभा के उप सभापति पीजे कुरियन के लिए राहतभरी खबर है। केरल सरकार उनके खिलाफ जांच की मांग ठुकरा सकती है।
सरकार ने अपने वकील से इस मामले में सलाह मांगी थी। उन्होंने मंगलवार को अपनी रिपोर्ट सौंप दी। इसमें कहा गया है कि मामले में कोई नए सबूत सामने नहीं आए हैं। इसलिए कुरियन के खिलाफ दोबारा जांच की जरूरत भी नहीं है। सरकार ने इससे पहले कहा था कि वह इस मामले में कोई भी निर्णय कानूनी सलाह के आधार पर करेगी।
धर्मराजन की तलाश में विशेष दल कर्नाटक रवाना
इस मामले के फरार चल रहे मुख्य आरोपी धर्मराजन की तलाश के लिए विशेष दल गठित किया गया है। केरल पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक दल धर्मराजन की तलाश में कर्नाटक रवाना हो गया है। धर्मराजन ने सोमवार को एक टीवी चैनल को इंटरव्यू दिया था। कहा था कि दुष्कर्म करने वालों में कुरियन भी शामिल थे। 1996 के इस दुष्कर्म मामले में धर्मराजन को 2005 में पांच साल जेल की सजा हो चुकी है। लेकिन वह जमानत मिलने के बाद से ही फरार है।
कुरियन ने लिखा सोनिया, अंसारी को पत्र
कुरियन ने इसी मामले में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राज्यसभा के सभापति हामिद अंसारी को पत्र लिखा है। उन्होंने पत्र में विभिन्न अदालतों के फैसलों का जिक्र किया है जिनमें उन्हें दोषमुक्त किया गया था।







