बालासोर।भारत में निर्मित माइक्रो लाइट पायलट रहित 'लक्ष्य-1' विमान का बुधवार को सफल परीक्षण किया गया। विमान को चांदीपुर स्थित एकीकृत परीक्षण रेंज (आईटीआर) से छोड़ा गया।
दोपहर 1:10 बजे आईटीआर के दूसरे लॉन्चपैड से यह परीक्षण किया गया। इस मिसाइल में आधुनिक इंजन लगाया गया है। यह एक सब-सॉनिक विमान है जिसे धरती से रिमोट की मदद से नियंत्रित किया जाता है।
इसे भारतीय वैमानिक विकास संस्था (एडीई) द्वारा बनाया गया है। इसे भारतीय वायुसेना में साल 2000 में शामिल किया गया था। माना जा रहा है इससे वायुसेना की ताकत और बढ़ेगी।
जल्द होगा मिसाइल का भी परीक्षण
दो स्तरीय बेलेस्टिक मिसाइल सुरक्षा (बीएमडी) सिस्टम के तहत भारत जल्दी ही इंटरसेप्टर मिसाइल का परीक्षण करने वाला है। सूत्रों के अनुसार इसका परीक्षण भी ओडिशा के तट से किया जाएगा। अगर सबकुछ योजना के अनुरूप रहा तो यह परीक्षण 10 फरवरी को होगा।
लक्ष्य-1 की खासियत
>१८० किलोमीटर से ज्यादा रेंज
>३० से ३५ मिनट हवा में रहने की क्षमता
>२३८५ मिलीमीटर लंबाई, ३०० मिलीमीटर पंखों का फैलाव
>एक लक्ष्य के बाद दूसरे लक्ष्य पर भेजना भी संभव