आज मनमोहन की अहमदीनेजाद से होगी मुलाकात
नई दिल्ली. प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह मंगलवार को 16वें गुटनिरपेक्ष शिखर समेलन में हिस्सा लेने को तेहरान पहुंच गए। उनकी अगवानी ईरान के वित्त मंत्री शसुद्दीन हुसैनी ने की।
इससे पहले नई दिल्ली में चलने से पूर्व उन्होंने कहा कि मौजूदा विश्व-व्यवस्था में नई चुनौतियों और खतरों से निपटने के लिए बड़े बदलाव की दरकार है। यह सामूहिक अंतरराष्ट्रीय पहल से ही संभव है। सिंह बुधवार को ईरान के सर्वोच्च धार्मिक नेता अयातुल्ला खामनेई और राष्ट्रपति महमूद अहमदीनेजाद से मुलाकात करेंगे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि वे इस मौके को द्विपक्षीय संबंधों में सुधार की दिशा में एक अवसर के तौर पर देखते हैं। इस दौरान वे क्षेत्रीय और वैश्विक मसलों पर अन्य देशों के नेताओं के साथ विचारों का आदान-प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि वे शिखर समेलन में इस बात पर जोर देंगे कि आज वैश्विक आर्थिक संकट और अनिश्चित भू-राजनीतिक बदलावों के दौर में यह आंदोलन प्रासंगिक भूमिका निभा सकता है।
सिंह ने कहा कि सीरिया की बदतर स्थिति, वैश्विक अर्थव्यवस्था में गिरावट सहित कई चुनौतियां हमारे सामने हैं।
इनसे निपटने के लिए सामूहिक पहल की जरूरत है। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस स्थिति में 16वें गुटनिरपेक्ष समेलन का विषय ‘संयुक्त वैश्विक शासन प्रणाली से स्थायी शांति’ प्रासंगिक है। उन्हें विश्वास है कि इस समेलन से वैश्विक स्तर पर लोकतांत्रिक प्रणाली में सुधार और अन्य चुनौतियों से निपटने में प्रेरणा मिलेगी।








