मदनी ने माना, मोदी को लेकर बदल रही है मुसलमानों की सोच
गुजरात में हाल ही में हुए नगरपालिका चुनावों में बीजेपी के टिकट पर कई मुस्लिम उम्मीदवारों के जीतने और 90 फीसदी मुस्लिम वोटरों वाली एक नगरपालिका सीट पर बीजेपी के उम्मीदवार की जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए जमीयत उलेमा ए हिंद के महासचिव मौलाना महमूद मदनी ने मोदी को लेकर मुसलमानों के खास तबके की सोच में बदलाव की बात मानी है। मदनी ने एक निजी टीवी चैनल से बातचीत में अप्रत्यक्ष तौर पर माना है कि गुजरात के मुख्यमंत्री को लेकर मुसलमानों के एक तबके की सोच में बदलाव आया है। मदनी का यह बयान इसलिए भी अहम है क्योंकि दारूल उलूम देवबंद के पूर्व वाइस चांसलर वस्तानवी ने जब मोदी के विकास मॉडल की तारीफ की थी तो मदनी और उनके भाइयों ने वस्तानवी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था और वस्तानवी को अपना पद छोड़ना पड़ा था।