जिगर के टुकड़े को बेच मां ने खरीदा मोबाइल, जींस-टॉप
Agency
| Oct 03, 2012, 21:47PM IST
जजपुर पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार के मुताबिक अपने 17 महीने के बेटे को पांच हजार रुपये में बेचने वाली राखी पात्रा ने पैसों से एक नया मोबाइल फोन, जींस, टॉप और मोबाइल के लिए मैमोरी कार्ड खरीदा।
गौरतलब है कि बच्चे को बेचे जाने के मामले की मीडिया रिपोर्टों का ओडिशा हाईकोर्ट ने स्वतः संज्ञान लिया था जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच की। हाई कोर्ट ने पुलिस को बच्चे को हालिस करने का भी आदेश दिया था।
महिला ने दावा किया था कि उसने जेल में बंद अपने पति को छुड़ाने के लिए जरूरी कानूनी खर्चे को पूरा करने के लिए अपने बेटे को बेचा था। पुलिस ने महिला के दावों का खंडन करते हुए कहा कि जांच में पता चला है कि महिला ने बेटे को बेचकर मिले पैसों से मोबाइल और जींस-टॉप खरीदा। पुलिस ने जब बच्चे को खोजकर उसे महिला को वापस करने की पेशकश की तो उसने अपने बेटे को लेने से इंकार कर दिया।
पुलिस के मुताबिक महिला ने जनता के सामने ही अपने बेटे को वापस लेने से इंकार कर दिया जिसके बाद बच्चे को बाल कल्याण कमेटी को सौंप दिया गया। गौरतलब है कि 20 वर्षीय राखी ने अपने बच्चे को 17 सितंबर को कटक में बाबुला बेहेरा नाम के व्यक्ति को बेच दिया था। हाईकोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने मंगलवार को बच्चे को बरामद किया।








