मोटर बीमा प्रीमियम की दरें दोगुनी करने का प्रस्ताव
एजेंसी
| Feb 17, 2013, 12:41PM IST

नई दिल्ली. बढ़ती मुद्रास्फीति और बीमा दावा निपटान के इतिहास को देखते हुए बीमा नियामक इरडा ने एक अप्रैल से मोटर बीमा का प्रीमियम दोगुना तक बढ़ाने का प्रस्ताव किया है। बीमा नियामक एवं विकास प्राधिकार (इरडा) के मसौदे के अनुसार, थर्ड पार्टी के बीमा कवर के शुल्क दोपहिया वाहनों, यात्री कारों और वाणिज्यिक वाहनों के लिए बढ़ेगा। एक हजार सीसी से कम क्षमता के इंजन वाली कारों के लिए ‘थर्ड पार्टी’ प्रीमियम को 85.30 प्रतिशत बढ़ाकार 1,453 रुपए प्रति वर्ष करने का प्रस्ताव किया गया है। इसी तरह 350 सीसी क्षमता से अधिक दोपहिया वाहनों का प्रीमियम 108.14 प्रतिशत बढ़ाकर 1,415 रुपए सालाना करने का प्रस्ताव किया गया है।
गौरतलब है कि इससे पहले यह वृद्धि मार्च, 2012 में की गई थी। इस पर ट्रांसपोर्टरों के संघ ने इरडा और जनरल इंश्योरर्स के साथ कलकत्ता हाईकोर्ट में कानूनी लड़ाई लड़ी। आठ महीने की कानूनी लड़ाई के बाद अदालत ने शुल्क बढ़ोतरी के पक्ष में अपना फैसला सुनाया था।








