नई दिल्ली। दुनिया के सबसे सस्ते टैबलेट 'आकाश' के कई रूप बाजार में आ सकते हैं। हालांकि बड़ी संख्या में नए आकाश की जरूरत को पूरा करने के लिए कैबिनेट की मंजूरी ली जाएगी। नए दस लाख आकाश का आर्डर कैबिनेट की मंजूरी के बाद निविदाओं के जरिए होगा।
सरकार की कोशिश है कि 35 डॉलर की कीमत का मौजूदा आकाश नए फीचर्स के साथ उपलब्ध हो। वहीं कई अन्य उच्च तकनीक से भी आकाश को युक्त करके नया रूप रंग दिया जाए। नए आकाश टैबलेट को उन फीचर से भी लैस करने की योजना है ताकि सरकारी योजनाओं की निगरानी तेजी से हो पाए।
आकाश के पहले 1 लाख इकाई को लेकर उपजे विवाद के साये के बीच बुधवार को अतिरिक्त 10 लाख आकाश के आर्डर को लेकर केंद्रीय दूरसंचार मंत्री कपिल सिब्बल और दूरसंचार सचिव आर चंद्रशेखर की अध्यक्षता में हुई एक उच्चस्तरीय बैठक में इन बिंदुओं पर विचार किया गया।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा 'किसी भी तरह के नए विवाद से बचने के लिए आकाश-2 के शुरूआती उत्पादन का कार्य दूरसंचार मंत्रालय के सार्वजनिक उपक्रम टीसीआईएल, आईटीआई और सी-डॉट से कराने पर भी विचार किया जा रहा है। इसके लिए कैबिनेट से मंजूरी भी हासिल की जाएगी।
जब इनके उत्पाद सामने आ जाएंगे और उनके फीचर से संतुष्टि हो जाएगी तो उसके आधार पर निजी कंपनियों को भी इसके उत्पादन का अनुबंध दिया जा सकता है।'
एक अन्य अधिकारी ने कहा कि नए फीचर और तकनीक को लेकर सूचना तकनीक विभाग को मार्च अंत तक ब्लू प्रिंट बनाने के लिए कहा जा रहा है। विशेषकर उन्हें यह कहा जा रहा है कि वे ऐसा प्रारुप बनाए जिसमें हर वर्ग की जरूरत का आकाश हो।
सूत्रों के मुताबिक कपिल सिब्बल ने बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे विभिन्न मॉडलों पर कार्य करते हुए मूल्य का ध्यान जरूर रखें क्योंकि यह लोगों को प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर घर को इंटरनेट से जोडऩा है।
Related Articles: