अब वेतन से ज्यादा कटौती, पीएफ में बढ़ेगा अंशदान
Agency
| Dec 12, 2012, 12:16PM IST
अब आप नौकरीपेशा हैं तो अपने वेतन में थोड़ी और कटौती के लिए तैयार रहें। कटौती का यह पैसा आपके भविष्य निधि (पीएफ) खाते में जमा होगा और आपकी बचत बढ़ाएगा। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) ने हाल में एक नया सर्कुलर जारी किया है। इसके मुताबिक अब कर्मचारी को मिलने वाले अलग-अलग भत्तों को मूल वेतन में जोड़कर उस पर पीएफ काटा जाएगा। इससे आपके साथ ही नियोक्ता कंपनी ओर से पीएफ के मद में दिया जाने वाला योगदान बढ़ जाएगा। ईपीएफओ की मुंबई में आंतरिक समीक्षा बैठक हुई थी। इसके बाद 30 नवंबर को देश भर के सभी ईपीएफ ऑफिसों को यह सर्कुलर जारी किया गया है।
क्यों पड़ी जरूरत?
अभी तक अधिकांश कंपनियां पीएफ योगदान मूल वेतन और महंगाई भत्ते पर ही काटती हैं। कंपनियां कर्मचारी के पीएफ में अपना योगदान कम करने के लिए उसकी बेसिक सैलरी कम रखती हैं। सर्कुलर का उद्देश्य कंपनियों की इसी चाल पर लगाम लगाना है।
इसे ऐसे समझिए
मान लीजिए एक व्यक्ति का कुल वेतन 35 हजार रुपये मासिक है। इसमें मूल वेतन 27 हजार, कन्वेंस अलाउंस चार हजार और नाइट शिफ्ट अलाउंस चार हजार रुपए शामिल हैं।
अभी तक 27 हजार रुपए के मूल वेतन पर पीएफ का योगदान 6,480 रुपये बनता है। नए सर्कुलर के बाद भत्तों को भी मूल वेतन में जोड़ देने पर पीएफ 8,400 कटेगा।








