नई दिल्ली। आप सेहत बनाने के लिए दूध पीना चाहते हैं परंतु दूध के 'फैट' या फिर 'लैक्टोज' के कारण उससे दूर हैं तो आपके लिए अच्छी खबर। देश के वैज्ञानिक आपके लिए डिजाइनर मिल्क तैयार कर रहे हैं जिसे आपकी जरूरतों के अनुसार तैयार किया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार शहरों की बदलती लाइफ स्टाइल में भोजन को ज्यादा नियंत्रित करने की मुहिम शुरू हो गई है। ऐसा भोजन जिसमें फैट कम हो और ज्यादा प्रोटीन मौजूद हो। इसी तथ्य को ध्यान में रखकर वैज्ञानिक अनुकूलित दूध (कस्टमाइज्ड मिल्क) तैयार कर रहे हैं जिसे 'डिजाइनर मिल्क' कहा जा रहा है। परियोजना अभी प्रारंभिक स्तर पर है।
डिजाइनर मिल्क: सूत्रों ने बताया कि डिजाइनर मिल्क पोषण या आनुवांशिकी रूप से संशोधित दूध है जो उपभोक्ताओं की वरीयता के मुताबिक तैयार किया जाता है। इसमें दूध के किसी विशेष तत्व को बढ़ाया जाता है या फिर कम किया जाता है।
मधुमेह अन्य असाध्य बीमारियों से लडऩे में सक्षम
राष्ट्रीय डेयरी अनुसंधान संस्थान (एनडीआरआई) के सूत्रों ने बताया कि अनुसंधान में पाया गया कि दूध में 'बायो एक्टिव पेप्टाइट' की एक बड़ी सीरीज पाई जाती है। यह पेप्टाइट बहुत से बीमारियों, बैक्टीरिया, डायबिटीज, आदि असाध्य बीमारियों से लडऩे में सक्षम होते हैं।
इसके लिए दूध में किसी विशेष प्रोटीन को बढ़ाया जाता है या फिर फैट को कम किया जाता है। इस दूध को वह बच्चे भी पी सकेंगे जिन्हें लैक्टोज से एलर्जी होती है।
कैसे होगा तैयार
यह दूध दो तरह से तैयार किया जाएगा। चारे में जरूरी प्रोटीन, या दूसरे तत्वों को मिला कर या फिर जानवरों के जीन में परिवर्तन करके। इसके लिए एंटी बॉयोटिक, दवाई, इंजेक्शन आदि का प्रयोग किया जाएगा।