इस्लामाबाद/नई दिल्ली। कसाब को भारत में फांसी दिए जाने के बाद पाकिस्तान में भारतीय कैदी सरबजीत को फांसी देने की मांग उठने लगी है। पूर्व क्रिकेटर इमरान खान की पाकिस्तान तहरीके इंसाफ पार्टी का कहना है-'सरबजीत को भी फांसी की सजा हो चुकी है। हम आठ साल से इंतजार कर रहे हैं। जबकि भारत ने कसाब के मामले में फौरन कार्रवाई की है।' पार्टी नेता नईमुल्लाह खान ने सरबजीत को बचाने के लिए राष्ट्रपति जरदारी को जिम्मेदार ठहराया है।
सरबजीत की बहन दलबीर कौर ने कहा कि मुझे डर लग रहा है या नहीं, मैं कुछ भी बोलना नहीं चाहती। इमरान की पार्टी सरकार में नहीं है, इसलिए इस संबंध में मेरी प्रतिक्रिया की कोई जरूरत नहीं।
इसी के साथ, पाकिस्तानी तालिबान ने कसाब को फांसी दिए जाने पर भारतीय लोगों को दुनिया में कहीं भी निशाना बनाने की धमकी दी है। इसी तरह पाकिस्तानी तालिबान ने कसाब की फांसी पर पाकिस्तान सरकार की ढीली प्रतिक्रिया की आलोचना की है। हालांकि पाकिस्तान के गृहमंत्री रहमान मलिक ने कहा है कि सरबजीत के मामले में बदले की कार्रवाई नहीं की जाएगी।