नई दिल्ली. राष्ट्रीय राजधानी में पैरा-मेडिकल की स्टूडेंट से चलती बस में हुए गैंगरेप मामले की गूंज मंगलवार को सियासी गलियारों में सुनाई दी। राज्यसभा में इस मसले पर चर्चा के दौरान सपा सांसद जया बच्चन की आंखों से आंखू छलक पड़े, जबकि भाजपा नेता सुषमा स्वराज ने बलात्कारियों के लिए फांसी की सजा तय करने की मांग की। तृणमूल के एक सांसद ने तो कहा कि उन्हें अपनी बेटी की सुरक्षा का डर सताता रहता है। इस बीच, एक आरोपी के पिता ने मीडिया से कहा है कि अगर उनका बेटा बलात्कारी है तो उसे फांसी पर चढ़ा दिया जाए।
इसी बीच राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने केंद्रीय गृह सचिव और दिल्ली पुलिस के कमिश्नर को गैंगरेप के मामले में नोटिस भेजा है।
वहीं दिल्ली पुलिस ने बसे के ड्राइवर राम सिंह को साकेत कोर्ट में पेश किया। पुलिस को आरोपियों की पहचान पुख्ता कराने के लिए पहचान परेड करवानी थी लेकिन आरोपी बस ड्राइवर राम सिंह ने पहचान परेड में शामिल होने से इंकार कर दिया है। इसके बाद राम सिंह को पांच दिन के लिए पुलिस रिमांड में भेज दिया गया। पुलिस ने अदालत को बताया कि बाकी आरोपियों को बुधवार को कोर्ट के समक्ष पेश किया जाएगा।
ये भी पढ़ें-