और महंगा हो सकता है पेट्रोल-डीजल
संतोष ठाकुर
| Sep 20, 2012, 10:52AM IST

नई दिल्ली। डीजल पर एक साथ 5 रुपए की बढ़ोतरी पर अभी विवाद थमा नहीं कि फिर पेट्रोल-डीजल के मद में इजाफा करने की तैयारी है। लंबे इंतजार के बाद पेट्रोलियम मंत्रालय ने पेट्रोल पंप डीलरों को तेल बिक्री पर अगले 15 दिन में कमीशन बढ़ाने का आश्वासन दे दिया है। अगर फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया पेट्रोलियम ट्रेडर्स की बिक्री पर 5 प्रतिशत कमीशन की मांग पर तेल कंपनियां स्वीकार कर लेती हैं तो यह पेट्रोल पर प्रति लीटर 73 पैसे और डीजल पर प्रति लीटर 42 पैसे होगी। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि यह बढ़ोतरी ग्राहकों से वसूली जाएगी या फिर फिलहाल तेल कंपनियां ही इसे वहन करेंगी। (पढ़ें : भारत बंद)
पढें, भारत बंद से जुड़े फैक्ट्स
फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया पेट्रोलियम ट्रेडर्स के महासचिव अजय बंसल ने बुधवार को बताया कि आज उनके प्रतिनिधि मंडल ने केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री जयपाल रेड्डी से मुलाकात की। मंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि अगले पंद्रह दिन में उन्हें पेट्रोल-डीजल पर बढ़ा हुआ कमीशन मिलने लगेगा। इसके लिए तेल कंपनियों को निर्देश दिए जा चुके हैं। बंसल ने बताया कि पेट्रोलियम मंत्रालय से हमने पेट्रोल-डीजल की बिक्री पर प्रति लीटर 5 प्रतिशत का कमीशन मांगा है लेकिन तेल कंपनियां अगले पंद्रह दिन में बताएंगी कि कितना कमीशन देंगी।
अगर हमारी मांग मानी जाती है तो पेट्रोल पंप डीलर को प्रति लीटर पेट्रोल पर 73 पैसे और डीजल पर प्रति लीटर 42 पैसे का कमीशन हासिल होगा। पेट्रोलियम मंत्रालय के एक अधिकारी ने इस संबंध में कहा कि फिलहाल यह तय नहीं किया गया है कि यह भार ग्राहक पर डाला जाएगा या फिर तेल कंपनियां ही इसे वहन करेंगी। कंपनियां अगले 15 दिन में इस पर अपनी रपट देंगी। उसके आधार पर फैसला किया जाएगा। इस अधिकारी ने कहा, ‘ऐसे में जब सरकार दाम बढ़ोतरी पर अडिग है तो यह संभव है कि यह बढ़ोतरी ग्राहकों के ऊपर डाल दी जाए। हालांकि अंतिम फैसला तेल कंपनियों की रपट के बाद ही होगा।’
भारत बंद LIVE: लखनऊ में डीआरएम ऑफिस समेत दर्जनों दफ्तरों पर सपाइयों ने जड़े ताले








