मंत्रालय प्रधानमंत्री से लगाएगा गैस सिलेंडर महंगा करने की गुहार

नई दिल्ली.पेट्रोलियम मंत्रालय चाहता है कि सांसद और विधायक गैस सिलेंडर पर मिलने वाली सब्सिडी न लेकर एलपीजी को बाज़ार भाव पर खरीदें और एक मिसाल कायम करें। पेट्रोलियम राज्य मंत्री आरपीएन सिंह इस बाबत प्रधानमंत्री को चिट्ठी लिखकर नेताओं से अपील करेंगे कि अमीर कारोबारियों और नौकरशाहों को बिना सब्सिडी के गैस सिलेंडर देने से पहले वे खुद उदाहरण पेश करें।
भारत में एलपीजी पर सरकार सब्सिडी देती है। सरकार तेल कंपनियों को सिलेंडर के दाम 400 रुपये तक सीमित रखने के लिए करीब 25 हजार करोड़ रुपये चुकाती है, जबकि सिलेंडर का वास्तविक मूल्य करीब 1200 रुपये है।
आरपीएन सिंह को उम्मीद है कि जो लोग महंगा सिलेंडर खरीद सकते हैं, अगर वे ऐसा करते हैं तो इससे सरकार को गरीबों की मदद करने में सहूलियत होगी जो महंगे दामों पर सिलेंडर नहीं खरीद सकते हैं।
यह स्वैच्छिक योजना सरकार की उस योजना के विकल्प में पेश की गई है जिसमें एलपीजी पर से सब्सिडी को दो चरणों में हटाने की तैयारी की गई है। पहले चरण में सांसद, विधायक और राजपत्रित अधिकारियों को बिना सब्सिडी के सिलेंडर दिया जाए और दूसरे दौर में 50 हजार रुपये या उससे अधिक हर महीने कमाने वाले परिवारों को बाज़ार भाव के मुताबिक गैस सिलेंडर दिया जाए।







