कर्नाटक सरकार के दो मंत्री विधानसभा कार्यवाही के दौरान मोबाइल पर अश्लील फिल्म देख रहे थे। स्थानीय समाचार चैनल ने मंगलवार को इसका खुलासा किया है। चैनल की ओर से जारी वीडियो फुटेज के मुताबिक सहकारिता मंत्री लक्ष्मण सवाड़ी अपने मोबाइल पर अश्लील फिल्म देख रहे थे। बाद में उन्होंने महिला एवं बाल विकास मंत्री सीसी पाटिल को भी वह फिल्म दिखाई।
स्थानीय चैनल को विधानसभा कार्यवाही के सीधा प्रसारण के दौरान ये फुटेज मिले थे। चैनल ने मंगलवार को इसका प्रसारण किया। कर्नाटक विधानसभा में दूरदर्शन के अलावा स्थानीय चैनल को भी कार्यवाही प्रसारण की इजाजत है। इस बीच टीवी चैनलों के मुताबिक भाजपा हाईकमान ने दोनों मंत्रियों को इस्तीफा देने को कहा है। चैनल के मुताबिक जब मंत्री अश्लील फिल्म देखने में व्यस्त थे, उस वक्त सदन में बीजापुर में पाकिस्तानी झंडे फहराने के मसले पर बहस हो रही थी।
विधानसभा में डर्टी पिक्चर: मंत्रियों को हो सकती है 3 साल की कैद