कोट्टयम। सूर्यनेल्लि दुष्कर्म मामले की पीडि़त लड़की ने राज्यसभा के उपसभापति पीजे कुरियन के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। दिल्ली में पैरामेडिकल छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद संशोधित कानून के तहत यह शिकायत की गई।
पीडि़त लड़की ने चिंगावनम पुलिस थाने में शिकायत दी। उसकी वकील ने बताया थाने में मौजूद पुलिस अधिकारी ने शिकायत मिलने की रिसिप्ट दी है। कोट्टयम एसपी सी. राजगोपाल ने बताया कि शिकायत ले ली गई है। लेकिन इसे दर्ज करने से पहले कानूनी सलाह ली जा रही है क्योंकि मामला हाईकोर्ट में लंबित है। पीडि़त के साथ 1996 में इडुक्की जिले के सूर्यनेल्लि में सामूहिक दुष्कर्म हुआ था। उसने आरोपियों में कुरियन के शामिल होने का आरोप लगाया है।
कुरियन मामले में लोकसभा और राज्यसभा में हंगामा
लोकसभा और राज्यसभा में वामपंथी पार्टियों ने पीजे कुरियन मामले में शुक्रवार को जमकर हंगामा किया। उनका आरोप था कि इस मामले को लेकर दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे सांसदों और सामाजिक कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने गुरुवार को लाठियां बरसाई। कई सांसदों से बदसलूकी की।
लोकसभा में यह मामला सांसद एमवी राजेश ने शून्यकाल के दौरान उठाया था। जबकि राज्यसभा में सांसद टीएन सीमा ने मुद्दा उठाया। आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने सीमा के साथ बदसलूकी की थी। राज्यसभा चेयरमैन हामिद अंसारी ने सरकार को मामले की जांच के आदेश दिए हैं। लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार ने भी कहा कि वे दिल्ली पुलिस से वस्तु स्थिति की जानकारी लेंगी।
यह है संशोधित नियम
केंद्र सरकार ने सीआरपीसी की धारा 166 ए में संशोधन किया है। इसके तहत दुष्कर्म के मामले में पुलिस पीडि़त महिला की शिकायत दर्ज करने को बाध्य है। इसके बाद आरोपी के खिलाफ मुकदमा भी चलाना होगा।