नई दिल्ली. पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद पर एनडीए के बैनर तले एक साथ खड़े भाजपा और जद (यू) में मतभेद सामने आ गए हैं। भाजपा ने पाकिस्तान में चल रहे आतंकवादियों के ट्रेनिंग कैंपों पर बम बरसाकर तबाह करने की सलाह दी है। यह सलाह पार्टी नेता मुरली मनोहर जोशी ने दी है।
हालांकि जद(यू) नेता शिवानंद तिवारी ने इस पर आपत्ति जताते हुए कहा है कि जोशी को इस तरह के बयान देने से बचना चाहिए। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान में मारा गया अल कायदा सरगना ओसामा बिन लादेन भारत के मुसलमानों के लिए आदर्श नहीं हो सकता है।
जोशी के इस बयान पर राजनीति शुरू हो गई है। लोजपा नेता राम विलास पासवान ने भाजपा नेता के इस बयान पर आपत्ति जताते हुए आरएसएस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के मसले पर भाजपा के नेताओं को किसी एक समुदाय का नाम नहीं लेना चाहिए।
उन्होंने आरएसएस की गतिविधियों की जांच किए जाने की मांग करते हुए कहा, ‘2006, 2008 में हुए बम धमाकों में अभिनव भारत, राष्ट्रीय जागरण मंच का नाम आया, समझौता एक्सप्रेस ब्लास्ट में आरएसएस प्रचारक का नाम आया है।’ पासवान ने कहा, ‘आतंकवाद के मामले में जब मुसलमान का नाम आता है तो ये (भाजपा और संघ के) लोग ताली बजाते हैं लेकिन जब किसी हिंदू का नाम आता है तो हल्ला करते हैं।'
इस बीच, राज्यसभा में आतंकवाद के मसले पर विपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए गृह मंत्री पी चिदंबरम ने माना कि मुंबई में 26 नवंबर 2008 को हुए आतंकवादी हमले की खुफिया जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा कि जब से उन्होंने गृह मंत्री का कार्यभार संभाला है तब से पुणे और मुंबई में हुए दो बड़े बम धमाके हुए हैं। बीते 13 जुलाई को मुंबई में हुए बम धमाके खुफिया विभाग की चूक के चलते नहीं हुए।
चिदंबरम ने कहा कि मुंबई धमाके में देश में मौजूद आतंकवादियों का हाथ होने के संकेत हैं। इंडियन मुजाहिदीन और सिमी देश के सामने बड़े खतरे हैं और इनसे सख्ती से निपटा जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि दुनियाभर में दक्षिणपंथी फासिस्ट बढ़ रहे हैं और भारत इसका अपवाद नहीं है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद सामान्य तौर पर कानून-व्यवस्था का मसला नहीं है बल्कि यह राष्ट्रीय सुरक्षा का मुद्दा है।
आपकी बात
आतंकवाद से जूझ रहे भारत को क्या पाकिस्तान में वैसी ही कार्रवाई करनी चाहिए जैसा अमेरिका ने लादेन को मारने के लिए किया था. आतंकवाद को किसी धर्म विशेष से जोड़ना कितना खतरनाक हो सकता है. अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में लिखें।
सरकारी बिल जला कर अन्ना ने शुरू की आर-पार की लड़ाई
सर्जरी के लिए सोनिया गईं विदेश: कांग्रेस ने छिपाया जगह और बीमारी का नाम
पाकिस्तान को एफ-16 की खेप देगा अमेरिका लेकिन छीनेगा सौ परमाणु बम