बेंगलुरु. विधानसभा की कार्रवाई के दौरान अश्लील वीडियो देखने के आरोपी मंत्रियों को तीन साल की कैद और पांच लाख का जुर्माना हो सकता है। सुप्रीम कोर्ट के वकील और साइबर क्राइम के जानकार पवन दुग्गल के मुताबिक विधानसभा के अंदर अश्लील फिल्म देखना अपराध है। नियम के मुताबिक इस मामले में मंत्रियों के खिलाफ तीन साल की कैद और पांच लाख का जुर्माना हो सकता है। इसके अलावा मंत्रियों का काम नैतिक तौर पर भी गलत है। ऐसे मामले सामने आने से जन प्रतिनिधियों पर से लोगों का भरोसा खत्म होता है।
स्थानीय समाचार चैनल ने मंगलवार को इन मंत्रियों की करतूत का खुलासा किया था। चैनल की ओर से जारी वीडियो फुटेज (देखने के लिए रिलेटेड आर्टिकल पर क्लिक करें) के मुताबिक सहकारिता मंत्री लक्ष्मण सवाड़ी मोबाइल पर अश्लील फिल्म देख रहे थे। बाद में उन्होंने महिला एवं बाल विकास मंत्री सीसी पाटिल को भी वह फिल्म दिखाई।
इलाके की बिजली गुल
स्थानीय चैनल को विधानसभा कार्यवाही के सीधा प्रसारण के दौरान ये फुटेज मिले थे। चैनल ने मंगलवार को इसका प्रसारण किया। कर्नाटक विधानसभा में दूरदर्शन के अलावा स्थानीय चैनल को भी कार्यवाही प्रसारण की इजाजत है। सवाड़ी के गृहनगर की बिजली भी उस वक्त गुल हो गई जब टीवी चैनलों ने अश्लील वीडियो की खबर दिखाना शुरू किया। ऐसा आरोप लगा कि अधिकारियों ने जानबूझकर सवाड़ी के विधानसभा क्षेत्र की बिजली काट दी जिससे लोग टीवी पर यह खबर न देख सकें।
चैनल के मुताबिक जब मंत्री अश्लील फिल्म देखने में व्यस्त थे, उस वक्त सदन में बीजापुर में पाकिस्तानी झंडे फहराने के मसले पर बहस हो रही थी। पूर्व मुख्यमंत्री और जद (एस) नेता एचडी कुमारस्वामी ने मंत्रियों को बर्खास्त करने की मांग की है। सीएम सदानंद गौड़ा ने इस मसले पर देर रात येदियुरप्पा के साथ बैठक की। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी ने मामले की पूरी रिपोर्ट मांगी है।
'रेव पार्टी की क्लिपिंग और ईरान की घटनाएं देख रहे थे'
सहकारिता मंत्री लक्ष्मण सवाड़ी ने कहा है कि उन्होंने कुछ भी गलत नहीं किया है। वह अपने मोबाइल पर रेव पार्टी की क्लिपिंग देख रहे थे। महिला एवं बाल विकास मंत्री सीसी पाटिल ने कहा है कि वे ईरान में हुई बलात्कार की घटनाएं एवं हत्या की क्लिपिंग देख रहे थे। घटना पर मुख्यमंत्री सदानंद गोड़ा ने कहा है कि विधानसभा अध्यक्ष मामले को देखेंगे। यदि उन्हें लगता है कि मंत्रियों ने गलती की है तो निश्चित तौर पर कार्रवाई होगी। उधर, स्पीकर केजी बोपैया ने कहा है कि मामले की जांच की जा रही है। नियम के अनुसार कार्रवाई होगी।
एनालिसिस: मंत्री, अश्लील वीडियो और महिलाओं को सीख
मंत्रियों की 'करतूत' पर गुस्सा, ट्विटर पर हर सेकेंड एक कमेंट
वीडियो देखें: विधानसभा में पोर्न देख रहे हैं मंत्रीजी
तस्वीरें: सीएम दे रहे थे भाषण, मंत्री देख रहे थे 'पॉर्न वीडियो'