भाजपा ने साध्वी प्रज्ञा से पल्ला झाड़ा
dainikbhaskar.com
| Jan 25, 2013, 09:25AM IST
नई दिल्ली। आरएसएस को आतंकवाद से जोडऩे के बयान पर विरोध प्रदर्शन कर रही भाजपा मालेगांव ब्लॉस्ट की आरोपी प्रज्ञा ठाकुर से पल्ला झाड़ रही है। पार्टी प्रवक्ता बलवीर पुंज ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह प्रज्ञा से कभी नहीं मिले, उमा भारती मिलती हैं तो वे पार्टी पदाधिकारी नहीं हैं। प्रज्ञा का भाजपा से कोई संबंध नहीं है।
उनका आरएसएस से संबंध है या नहीं इस सवाल का पुंज ने कोई जवाब नहीं दिया। केंद्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे के बयान को मीडिया रिपोर्ट बताकर खारिज करते हुए पुंज ने सरकार पर समझौता एक्सप्रेस ?लॉस्ट के आरोपी आरिफ कासमानी को बचाने का आरोप लगाने में मीडिया रिपोर्ट का सहारा लिया।
प्रदर्शन में भाग लेने के बाद प्रदेश भाजपा कार्यालय में प्रेस कांफ्रेंस में पुंज ने कहा कि उनका प्रज्ञा से मिलने का कोई कार्यक्रम नहीं है। गौरतलब है कि आरएसएस के आनुषांगिक संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़ी रहीं प्रज्ञा कैंसर पीडि़त हैं और भोपाल की सेंट्रल जेल में बंद हैं।
पुंज ने एक अंग्रेजी वीकली पत्रिका की स्टोरी की कॉपी बांटी। इसके आधार पर उन्होंने कहा कि समझौता एक्सप्रेस ब्लॉस्ट के असली आरोपी कासमानी को भारत लाने के लिए सरकार ने कुछ नहीं किया। यह मुंबई ट्रेन ब्लॉस्ट का भी आरोपी है। उनसे पूछा गया कि उन्होंने यह मामला तीन साल तक क्यों नहीं उठाया?
पुंज ने कहा कि हम केंद्र सरकार पर भरोसा कर रहे थे, शिंदे के बयान के बाद अब भरोसा नहीं रहा। उन्होंने कहा कि शिंदे ने हिंदू आतंकवाद शब्द बोलकर पूरे हिंदू समाज पर कालिख लगाने और पाकिस्तान के गृह मंत्री की तरह व्यवहार किया है। उनके खिलाफ देशद्रोह का मामला चलाया जाए।
25 जनवरी 2013 की खास खबरें







