मेट्रो के दस स्टेशन रहेंगे बंद
मेट्रो प्रवक्ता के अनुसार 26 जनवरी को हुडा सिटी सेंटर से जहांगीर पुरी लाइन पर राजीव चौक, पटेल चौक, केन्द्रीय सचिवालय, उद्योग भवन, रेस कोर्स स्टेशन सवेरे 6 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक बंद रहेंगे जबकि राजीव चौक स्टेशन तथा केन्द्रीय सचिवालय स्टेशनों पर यात्री एक लाइन से दूसरी लाइन के लिए ट्रेन बदल सकेंगे। इसके अलावा द्वारका सेक्टर 21 नोएडा लाइन तथा वैशाली से यमुना बैंक लाइन पर राजीव चौक, बाराखंभा रोड, मंडी हाऊस व प्रगति मैदान मेट्रो स्टेशन सवेरे 6 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक बंद रहेंगे। इस लाइन पर ट्रेन का संचालन पूरे कोरीडोर पर एक साथ किये जाने के बजाय तीन अलग अलग भागों में किया जाएगा। मेट्रो प्रवक्ता के अनुसार इस लाइन पर नोएडा सिटी सेंटर से इन्द्रप्रस्थ तक मेट्रो का संचालन होगा जबकि वैशाली से यमुना बैंक तक तथा द्वारका सेक्टर 21 से राजीव चौक तक मेट्रो का संचालन होगा। राजीव चौक मेट्रो स्टेशन पर केवल इंटरचेंज सुविधा उपलब्ध होगी। स्टेशन से बाहर आवागमन बंद रहेगा। द्वारका की ओर से आने वाले यात्रियों को केवल रामकृष्ण आश्रम मार्ग तक के टोकन बेचे जाएंगे। केन्द्रीय सचिवालय से बदरपुर लाइन पर खान मार्केट तथा केन्द्रीय सचिवालय स्टेशन सवेरे 6 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक बंद रहेंगे और व्यवयसायिक संचालन बदरपुर से जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम तक ही होगा। इसके अलावा 29 जनवरी को बीटिंग रिट्रीट समारोह के मद्देनजर हुडा सिटी सेंटर से जहांगीरपुरी लाइन तथा केन्द्रीय सचिवालय से बदरपुर लाइन पर शाम 3 बजे से 6.30 बजे तक राजीव चौक, पटेल चौक, केन्द्रीय सचिवालय, उद्योग भवन व रेसकोर्स स्टेशन बंद रहेंगे। बदरपुर लाइन पर व्यवसायिक संचालन बदरपुर से जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम तक ही रहेगा। इसके अलावा सुरक्षा कारणों से सभी मेट्रो स्टेशनों की पार्किग 25 जनवरी दोपहर 2 बजे से 26 जनवरी दोपहर 2 बजे तक बंद रहेगी।