अब मशीन कराएगी बे-मौसम बारिश

नई दिल्ली गुजरात के राजकोट जिले के मोहन भाई वेकरिया का दावा है कि उनके पास बेमौसम बरसात कराने की एक अनोखी तकनीकी है। उनका यह भी दावा है कि इस तकनीकी का वह सफल परीक्षण कर चुकें हैं।
गुजरात स्टेट बायोटेक्रोलॉजी मिशन के सदस्य डा. रसिक इटालिया ने भारत मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी)में मोहन भाई के दावे की पैरवी की है। ध्यान देने वाली बात है कि गुजरात स्टेट बायोटेक्रोलॉजी मिशन के अध्यक्ष राज्य के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी हैं।
मिनिस्ट्री ऑफ अर्थ साइंसेज के तहत भारत मौसम विज्ञान विभाग के डाइरेक्टर जनरल डा. एल एस राठौर से डा. रसिक इटालिया की बीते गुरूवार को इस बाबत मुलाकात हुई। डा. रसिक ने दैनिक भास्कर को बताया कि इस दावे की सच्चाई के लिए उन्होंने मंत्रालय के सामने परीक्षण का प्रस्ताव रखा है। इसके लिए उन्होंने इस मानसून किसी भी तीन तारीखों के चुनाव की बात कही है। इन तारीखों पर कहीं भी पिछले सौ साल के रिकॉर्ड से ज्यादा बारिश कराएंगे। डा. एलएस राठौर ने अनुमति देने से पहले मंत्रालय के दूसरे मौसम वैज्ञानिकों से बात करने को कहा है।







