2014 का लोकसभा चुनाव लड़ेंगे बाबा रामदेव!

नागपुर. दिल्ली में 9 अगस्त से काले धन को वापस लाने और लोकपाल के समर्थन को लेकर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन के लिए समर्थन जुटाने के लिए देश भर में घूम रहे योग गुरु बाबा रामदेव पुणे में सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे के साथ सामने आए। मीडिया से बात करते हुए दोनों ने कहा कि काला धन को वापस लाने और मजबूत जन लोकपाल बिल के लिए अगले महीने एक बड़ा आंदोलन होगा।
इस मौके पर बाबा रामदेव ने कहा कि सिर्फ व्यवस्था परिवर्तन से काम नहीं चलेगा। अब वक्त आ गया है कि हिंदुस्तान को बचाने की चाहत रखने वाले सभी लोग एक साथ एक मंच पर आएं।
वहीं, अन्ना ने कहा कि हम आगे की लड़ाई मिलकर लड़ेंगे। जल्दी ही हम एक साथ बैठेंगे और लड़ाई की दिशा तय करेंगे। अन्ना ने कहा कि वह सरकार से लड़ने के लिए कोर्ट नहीं जाएंगे, बल्कि सड़क पर लड़ेंगे। अन्ना के मुताबिक केंद्र सरकार 14 दागी मंत्रियों पर कार्रवाई इसलिए नहीं कर रही है क्योंकि उसे लगता है कि अगर ऐसा हुआ तो सरकार गिर जाएगी।
अन्ना ने साफ किया कि जंतर मंतर पर होने वाले आंदोलन में उनकी टीम रामदेव का समर्थन करेगी। जबकि बाबा रामदेव ने भरोसा दिलाया कि 25 जुलाई को प्रस्तावित अरविंद केजरीवाल के अनशन का वे समर्थन करेंगे।
लेकिन दोनों ने संसद पर केजरीवाल के हाल के बयान समेत किसी भी विवादास्पद मुद्दे पर टिप्पणी नहीं की। बाबा रामदेव लोकसभा चुनाव लड़ने पर भी साफ-साफ कुछ नहीं बोले। इस मुद्दे पर उन्होंने कहा, 'आप यह क्यों कहते हैं कि चुनाव 2014 में होंगे। चुनाव तो पहले भी हो सकते हैं।'
इससे पहले नागपुर में योग गुरु बाबा रामदेव 2014 का लोकसभा चुनाव लड़ने का संकेत दिया। बाबा रामदेव ने कहा कि वे अगले महीने अपने विरोध प्रदर्शन के बाद लोकसभा चुनाव लड़ने पर फैसला करेंगे।
इस बाबत उन्होंने कहा, 'इस समय मैं काले धन को देश में वापस लाने और लोकपाल कानून बनने पर जोर दे रहा हूं। समाज, तंत्र और सत्ता में बदलाव लाना जरूरी है। यह कैसे होगा, इसके बारे में फैसला हमारे प्रदर्शन के दौरान लिया जाएगा। अभी मैं सिर्फ संकेतों में बात करना चाहूंगा।हालांकि, भारत स्वाभिमान संगठन के लिए समर्थन जुटा तो मैं मुख्य धारा की राजनीति में आने पर विचार कर सकता हूं।'
योग गुरु से जब पूछा गया कि अन्ना हजारे हमेशा कहते हैं कि अच्छे लोग चुनाव इसलिए नहीं जीत सकते हैं क्योंकि उनके पास पैसे नहीं होते हैं। इस पर योग गुरु ने कहा, 'हमने बड़े बदलाव देखे हैं। हम ऐसा कर सकते हैं।'
बाबा रामदेव 9 अगस्त से दिल्ली में शुरू हो रहे विरोध प्रदर्शन के लिए समर्थन जुटाने नागपुर पहुंचे थे। इस विरोध प्रदर्शन का टीम अन्ना भी समर्थन कर रही है। योग गुरु ने यह भी बताया कि अभी यह तय नहीं है कि विरोध प्रदर्शन कब खत्म होगा।








