अपहरण, दुष्कर्म व वाहन चोरी का वांटेड बदमाश गिरफ्तार
सीकर व जयपुर में दुष्कर्म, अपहरण व वाहन चोरी के मामलों में वांटेड चल रहे बदमाश को हरमाड़ा पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस कमिश्नर बीएल सोनी ने बताया कि आरोपी राजा उर्फ राजकुमार मीणा (20) खेतड़ी के दलेलपुरा गांव का रहने वाला है। वह 18 दिसंबर की रात हरमाड़ा निवासी जगदीश प्रसाद योगी की गाड़ी (बोलेरो) चुराकर खेतड़ी भाग गया था। अगले दिन जगदीश प्रसाद की रिपोर्ट पर थानाप्रभारी रायसिंह बेनीवाल ने पुलिस टीम बनाकर आरोपी की तलाश शुरू करवाई। रविवार को सीकर रोड पर 14 नंबर पुलिया के समीप होने की सूचना पर पुलिस ने राजा को गिरफ्तार कर लिया।
वैशाली नगर व खेतड़ी थाने का वांटेड है : पुलिस उपनिरीक्षक दलबीर ने बताया कि राजकुमार चुराई गई बोलेरो को खेतड़ी ले गया था। उसके घर के समीप बोलेरो बंद हो गई, जिसे खेतड़ी पुलिस ने जब्त कर लिया था। राजकुमार के खिलाफ खेतड़ी थाने में अपहरण, दुष्कर्म, बोलेरो चोरी तथा थोई थाने में नकबजनी का केस दर्ज है। इसके अलावा राजकुमार व उसके दो साथी पिछले वर्ष वैशाली नगर में एक ट्रैवल जीप को किराए पर लेकर गए और गांधी पथ के समीप ड्राइवर को चलती जीप से गिराकर फरार हो गए।