महिला पुलिसकर्मी से दुष्कर्म, एसीपी के खिलाफ मामला दर्ज
औरंगाबाद (महाराष्ट्र). महिला कांस्टेबल से दुष्कर्म के आरोप में एसीपी डॉ. संदीप भाजीभाकरे के खिलाफ बुधवार देर रात सतारा (औरंगाबाद) पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। प्रभारी पुलिस आयुक्त अरविंद चावरिया ने यह जानकारी गुरुवार को दी। पीडि़त महिला घटना के बाद से गायब है। पुलिस की तीन टीम उसकी खोज कर रही है। पुलिस मुख्यालय में कार्यरत महिला कांस्टेबल ने राज्य महिला आयोग में 23 अगस्त को तीन सहायक पुलिस आयुक्तों के खिलाफ दुष्कर्म की शिकायत की थी। शुरू में यह मामला विशाखा समिति को सौंपा गया। जांच में पीडि़ता ने भाजीभाकरे के साथ अन्य दो अधिकारियों के खिलाफ दुष्कर्म का बयान दिया था। जांच रिपोर्ट नौ नवंबर को पुलिस महानिदेशक को सौंपी गई। इसमें साबित हुआ कि भाजीभाकरे ने पीडि़त को अश्लील मैसेज भेजा था।