कसम आड़ू-खुबानी की!
अन्ना हजारे मामले पर सरकार की लाज बचाने वाले सलमान खुर्शीद के फोन पर बधाइयों का तांता लगा हुआ है। कांग्रेसी तो कांग्रेसी, सिविल सोसायटी वाले और विपक्षी दलों के लोग भी बधाइयां दे रहे हैं। नरेंद्र मोदी ने सलमान को ईद के दिन फोन करके बधाई दी। फोन मायावती ने भी किया,लेकिन फिर सलमान की पत्नी लुईस से बात करवाने को कहा। बहनजी ने लुईस से कहा कि आपके बगीचे के भेजे आड़ू और खुबानी उन्हें बहुत पसंद आए। लुईस ने एक और डिब्बा भिजवाने का वादा कर दिया। लुईस लोकसभा का चुनाव कांग्रेस टिकट पर लड़ चुकी हैं। अब देखना है कि अगले चुनावों में मायावती इन फलों के दाम लुईस को कैसे चुकाती हैं? कैश में या, वो क्या कहते हैं-काइंड में!
समझदार कौन?
ममता-समता-जयललिता की तिकड़ी ने वाजपेयी सरकार-2 की नाक में दम कर रखा था। तीनों सहयोगी होते थे। यूपीए के साथ सिर्फ ममता हैं, लेकिन लगता है कि नाक में दम करने के लिए वह अकेली ही काफी हैं। तीस्ता नदी जल बंटवारे के मसले पर उन्होंने प्रधानमंत्री की किरकिरी करवा दी। लेकिन भूमि अधिग्रहण बिल के मसले पर जयराम रमेश के साथ राइटर्स बिल्डिंग में दो घंटे चली मीटिंग में ममता मान गईं। वैसे भी ये बिल ममता के मनमाफिक ही ज्यादा बताया जाता है। अब बताइए, सरकार के मैनेजर ज्यादा समझदार निकले, या जयराम रमेश?
राम की माया
कनिमोझी से लेकर अफजल गुरु की फांसी के सवाल तक राम जेठमलानी का रवैया भाजपा से लगभग उल्टा है। वैसे जेठमलानी भाजपा के ही राज्यसभा सांसद हैं। और भाजपा वाले बेचारे सफाई देकर इसे झेलते रह जाते हैं। लेकिन एनडीए क्यों झेले? हाल ही में दिल्ली में एक कार्यक्रम में शरद यादव ने नितिन गडकरी की मौजूदगी में राम जेठमलानी की खिंचाई कर डाली। वहां मौजूद तो जेठमलानी भी थे, बस वह शरद का भाषण शुरू होने के थोड़े पहले ही उठकर चले गए थे।
पब्लिक वर्क करो,पब्लिक वर्क
‘ऊर्जा’ यानी ‘एनर्जी’ या ‘पॉवर’ का आसानी ने नवीनीकरण यानी ‘रीनुअल’ आम तौर पर होता नहीं है। मनमोहन सिंह सरकार का तो हो गया था। लेकिन इसके बावजूद सांसद यह बात नहीं समझते और कुछ सांसदों ने संसद में कह डाला कि उनके घरों में लगे सोलर हीटरों से एक गिलास पानी तक गर्म नहीं हो पाता है। रीनुअल एनर्जी मिनिस्टर फारूख अब्दुल्ला क्या जवाब देते? उन्होंने ठीकरा सीपीडब्लूडी पर फोड़ दिया। बाहर एक सांसद ने कहा- सच है,पब्लिक वर्क ही पॉवर रीन्यू करा सकता है, मंत्रालय नहीं।
नो रेड्डी
खनन किंग जनार्दन रेड्डी की गिरफ्तारी से भाजपा नेतृत्व मुश्किल में तो पड़ा, लेकिन उसने सारे मामले से दूरी बनाए रखने की नीति अपना ली। हालत यह है कि अब भाजपा वाले किसी भी रेड्डी से मिलने से डरते हैं। सुबारामी रेड्डी भी मिलना चाहते थे, लेकिन भाजपा राजी नहीं है। कम से कम फिलहाल तो नहीं।
बड़े चैनल की तैयारी
उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति हामिद अंसारी राज्यसभा चैनल में खासी रुचि ले रहे हैं। इरादा यह है कि यह न केवल लोकसभा चैनल से बेहतर हो, बल्कि इसमें समाचार भी हों और प्राइम टाइम के लिए यह भी निजी चैनलों से जद्दोजहद करे। लोकसभा चैनल का आइडिया सोमनाथ चटर्जी का था।
एक दिन, दो पार्टियां
इस बार ईद और तीज एक ही दिन पड़े और शाहनवाज हुसैन के घर दोदो पार्टियां हो गईं। शाहनवाज ने ईद की पार्टी तो दी ही, उनकी पत्नी रेणु ने तीज का भी कार्यक्रम रखा। रेणु हुसैन ने जैसी मेंहदी रचा रखी थी, उससे बिहार के देहातों की याद ताजा हो गई।
अन्ना फ़ॉर्मूला!
बाजार है कि मानता नहीं। अन्ना हजारे के सफल आंदोलन के बाद फिल्म इंडस्ट्री इसे भुनाने के लिए पूरी तरह तैयार है। हिंदी में चार फिल्में विचाराधीन हैं और मराठी में एक फिल्म पर काम शुरू हो गया है। फिल्म इंडस्ट्री को लगता है कि जैसे अन्ना हिट हुए,फिल्में भी हिट हो जाएंगी।
बीती यादों में पार्टी
मंगलवार को लालकृष्ण आडवाणी की पुत्री प्रतिभा आडवाणी का जन्मदिन था। पार्टी हुई दिल्ली के पाम कोर्ट में, जो पहले दिल्ली पर्यटन विभाग का कैफे होम होता था। तब, 21 साल पहले, इसका उद्घाटन आडवाणी ने ही किया था। अब इसे निजी हाथों में दे दिया गया है और ठेका मिला है आडवाणी के पुराने सहायक दीपक चोपड़ा के बेटे को। सारी पुरानी यादें ताजा करने का बढ़िया मौका था। पहली बार खुलासा हुआ कि प्रतिभा आडवाणी अच्छा गाना भी गा लेती हैं।
साब का हैप्पी बर्थडे
एक और हैप्पी बर्थडे की बात बताएं। गुरुवार को कोयला राज्यमंत्री प्रकाश बाबू पाटिल के घर उनसे मिलने जो पहुंचा, उसे पानी की जगह शीतल पेय दिया गया और चाय भी शानदार पिलाई गई। हैरान लोगों ने जब वजह पूछी तो तो पता चला आज साब का हैप्पी बर्थडे है।
थ्री जी चलेगा, टू जी नहीं
टू जी और संसद का रिश्ता टूटता नजर नहीं आ रहा है। संसद में एक जैमर लगाया गया है,जिससे मोबाइल के सिग्नल भीतर नहीं आते। लेकिन राज्यसभा वाले अपने एप्पल आईपैड व सैमसंग टैब बखूबी इस्तेमाल करते हैं। पता चला जैमर सिर्फ टू जी के लिए है, थ्री जी वालों के लिए सब माफ है। सांसद इसके मजे ले रहे हैं।
दोस्तों से मिला सुराग
राजस्थान पुलिस मुख्यालय में चल रही चर्चाओं पर अगर भरोसा करें तो कुछ दिनों तक गुमशुदा रहे आईएएस नवीन जैन का सुराग उनके ही दोस्तों से लगा। आईजी स्तर के एक आईपीएस अधिकारी ने उनके दोस्तों से टोह ली और आखिरकार वो चंडीगढ़ में मिल ही गए। इसके पूर्व में राजस्थान के ही 1992 बैच के आईएएस अशोक शेखर इसी तरह चर्चा में रहे थे।