केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अंबिका सोनी ने कहा है कि खुर्शीद एक सम्मानित राजनेता हैं और पार्टी उनके साथ है। उन्होंने यह भी कि सरकार केजरीवाल के हर एक आरोप का जवाब नहीं देगी क्योंकि वह बार-बार अपना बयान बदलते रहते हैं। कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने कहा है कि स्टिंग ऑपरेशन करने वाला टीवी चैनल झूठा साबित हो गया है। उन्होंने यह भी कहा कि खुर्शीद के इस्तीफे का कोई सवाल ही नहीं है। यह पूछे जाने पर कि क्या मीडिया के प्रति इस तरह गुस्सा दिखाना कानून मंत्री को शोभा देता है, दिग्विजय ने कहा, 'यदि आप किसी बेगुनाह के खिलाफ इस तरह के आरोप लगाएंगे तो जाहिर है कि उसे गुस्सा आएगा।' कांग्रेस नेता ने कहा कि वह पीएम, वित्त मंत्री और सीएजी से इस बात की जांच का अनुरोध करेंगे कि सीएजी की ड्राफ्ट रिपोर्ट मीडिया को कैसे लीक हो जाती है। उन्होंने कहा, 'जब कांग्रेस सरकार के खिलाफ सीएजी की रिपोर्ट होती है तो यह मीडिया में लीक हो जाती है।'
खुर्शीद को निशाना बना रहे इंडिया अगेंस्ट करप्शन (आईएसी) के सामाजिक कार्यकर्ता अरविंद केजरीवाल पर कांग्रेस ने निशाना साधा है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने सनसनीखेज आरोप लगाया है, 'केजरीवाल कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय सलाहकार परिषद (एनएसी) में शामिल होना चाहते थे। लेकिन केजरीवाल के निवेदन को सोनिया गांधी ने ठुकरा दिया था।' दिग्विजय सिंह ने कहा कि केजरीवाल खुद उनके पास एनएसी में शामिल किए जाने की सिफारिश करवाने आए थे। लेकिन शायद सोनिया गांधी केजरीवाल के बारे में जानती थीं और उन्होंने मना कर दिया। एनएसी यूपीए के घोषणापत्र के लागू किए जाने की निगरानी करती है।