कर्नाटक में दो मंत्रियों का इस्तीफा, संकट में शेट्टर सरकार
एजेंसी
| Feb 22, 2013, 12:31PM IST

बेंगलुरू. कर्नाटक में मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टर सरकार के दो मंत्रियों ने गुरुवार को इस्तीफा दे दिया। मंत्रियों ने भाजपा छोडऩे की इच्छा भी जताई है। इससे राज्य की भाजपा सरकार एक बार फिर संकट में फंस गई है।
वन मंत्री सीपी योगीश्वर और लघु उद्योग मंत्री राजू गौडा उर्फ नरसिम्हा नाइक ने शेट्टर को अपने इस्तीफे सौंपे। सरकार को संकट में देख मुख्यमंत्री ने हुबली का अपना दौरा रद्द कर दिया। इससे पहले दोनों मंत्रियों ने राज्यपाल एचआर भारद्वाज से मुलाकात कर बताया कि वे भाजपा से भी इस्तीफा देंगे। चन्नापटना विधानसभा क्षेत्र से विधायक योगीश्वर ने कहा, ‘मैं कुछ दिनों में अपनी आगे की योजना बनाऊंगा। मैंने अभी किसी अन्य पार्टी में शामिल होने का फैसला नहीं किया है। मैं अपने क्षेत्र के लोगों की भलाई के लिए भाजपा छोडऩे जा रहा हूं।’ गौडा ने कहा कि वह निजी कारणों से भाजपा छोड़ रहे हैं। उन्होंने मंत्री के रूप में लोगों की सेवा करने का मौका देने के लिए शेट्टर को धन्यवाद दिया। सूत्रों ने बताया कि दोनों नेता कांग्रेस में जा सकते हैं। कांग्रेस ने उन्हें उनके विधानसभा क्षेत्रों से टिकट देने का आश्वासन दिया गया है।
बेलूर गोपालकृष्णा भी छोड़ेंगे भाजपा : शिमोगा के विधायक बेलूर गोपालकृष्णा ने भी भाजपा छोडऩे का मन बना लिया है। उन्होंने खुलेआम कांग्रेस में शामिल होने की बात भी कही है।
विधानसभा सीटों की वर्तमान स्थिति
निचले सदन में अभी कुल 209 सदस्य हैं। इनमें भाजपा के 106 सदस्य हैं। यहां 15 सीटें खाली हैं। कांग्रेस के 71, जद (एस) के 25 और सात निर्दलीय विधायक हैं। इनमें से एक मंत्री हैं। विधानसभा में एक मनोनीत सदस्य भी है।








