अलग राज्य की मांग को लेकर तेलंगाना में बंद, जनजीवन ठप
Dainik bhaskar
| Dec 30, 2012, 11:07AM IST

हैदराबाद। अलग राज्य की मांग को लेकर तेलंगाना क्षेत्र में शनिवार को जनजीवन थम सा गया। स्कूल-बाजार नहीं खुले। कई जगह परीक्षाएं भी रद्द करनी पड़ीं। यातायात भी प्रभावित रहा। अलग राज्य के मुद्दे पर केंद्र के ‘अनिर्णय’ के विरोध में तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) ने बंद का आह्वान किया था। भाजपा और तेलंगाना संयुक्त कार्रवाई समिति (जेएसी) ने इसका समर्थन किया। इससे पहले शुक्रवार को सर्वदलीय बैठक के बाद गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे ने कहा था कि सरकार एक महीने में इस मुद्दे पर निर्णय लेगी। जवाब में टीआरएस प्रमुख के. चंद्रशेखर राव ने कहा था कि केंद्र मामले को लटका रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि बंद शांतिपूर्ण रहा। हैदराबाद में इसका आंशिक असर रहा। लेकिन तेलंगाना के अन्य नौ जिलों में पूर्ण बंद जैसी स्थिति रही। आंध्र प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (एपीएसआरटीसी) की सेवाएं ठप हो गईं। ऑटो रिक्शा चालकों का एक वर्ग भी इस बंद में शामिल रहा। क्षेत्र के अधिकांश हिस्सों में शैक्षणिक संस्थान, बैंक, दुकानें, व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे। काकटिया और उस्मानिया यूनिवर्सिटी में परीक्षाएं रद्द करनी पड़ीं। पुलिस ने करीमनगर, वारंगल, आदिलाबाद, निजामाबाद, मेडक और अन्य जिलों में टीआरएस के दर्जनों नेताओं और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया।






