फिल्म समीक्षक जयप्रकाश चौकसे लिखते हैं कि स्टार टेलीविजन और सलमान खान के बीच एक अनुबंध हुआ है, जिसके तहत उनकी अगले तीन वर्ष में आने वाली फिल्मों के सैटेलाइट अधिकार तथा उनके या परिवार के सदस्यों द्वारा बनाई गई छोटे बजट की फिल्मों के सैटेलाइट अधिकार शामिल हैं और इस धन का आंकड़ा संभवत: 400 करोड़ रुपए है। यह मनोरंजन इतिहास का सबसे बड़ा सौदा है, जिसके नतीजतन फिल्म उद्योग का आर्थिक ढांचा परिवर्तित होने जा रहा है। यह तो स्पष्ट है कि आज फिल्म की आय का लगभग 65 फीसदी धन सैटेलाइट प्रदर्शन, विदेश प्रदर्शन व संगीत अधिकार से आता है तथा भारतीय दर्शक की जेब से मात्र पैंतीस प्रतिशत जाता है।