सूर्यानेल्ली मामला: कुरियन पर बजट सत्र के पहले फैसला
एजेंसी | Feb 11, 2013, 14:03PM IST

त्रिशूर/कोच्चि. कांग्रेस राज्यसभा के उपसभापति पीजे कुरियन के भविष्य के बारे में बजट सत्र के पहले निर्णय कर लेगी। कांग्रेस प्रवक्ता पीसी चाको ने कहा कि कांग्रेस हाईकमान सभी मामलों से वाकिफ है। उसकी आंखें बंद नहीं हैं। केरल के सूर्यानेल्ली दुष्कर्म मामले में उन पर उंगली उठ रही हैं। दुष्कर्म पीड़ित ने कुरियन के खिलाफ फिर से जांच की संभावनाएं टटोलने के लिए अपने वकील से कहा है। कुरियन के खिलाफ आरोप शुरुआती स्तर पर अदालत से खारिज हो चुके हैं। वामदलों और अन्य विपक्षी दलों ने कुरियन को राज्यसभा उपसभापति के पद से हटाने की मांग की है। रक्षा मंत्री एके एंटनी ने रविवार को इस संबंध में कोई टिप्पणी करने से मना कर दिया। वहीं
कुरियन ने कहा कि उनको कुछ नया नहीं कहना है। वे निर्दोष हैं। उन पर आरोप सुप्रीम कोर्ट ने नामंजूर कर दिए हैं।
माफी मांगें जस्टिस बसंत : अय्यर
सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज जस्टिस वीआर कृष्ण अय्यर ने केरल हाईकोर्ट के रिटायर जज आर बसंत से दुष्कर्म पीड़ित के संबंध में टिप्पणी के लिए माफी मांगने को कहा है। अय्यर ने कहा कि उन्हें टिप्पणी वापस लेकर महिलाओं से खेद जाहिर करना चाहिए। बसंत ने टीवी रिपोर्टर से चर्चा में कहा था कि मामले में लड़की दुष्कर्म पीड़ित नहीं
है बल्कि बाल वैश्यावृत्ति के लिए उसका इस्तेमाल किया गया। इसका राज्य में जोरदार विरोध हुआ है।
क्या है मामला: 1996 के सूर्यानेल्ली दुष्कर्म मामले में एक नाबालिग लड़की को 40 दिन तक बंधक बनाकर रखा गया। उससे 42 लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। इस मामले में लड़की ने पीजे कुरियन पर भी आरोप लगाए थे।







