राहत के लिए हाईकोर्ट की शरण में गए अकबरउद्दीन
हैदराबाद. भड़काऊ भाषण देने के मामले में अलग-अलग पुलिस स्टेशनों में दर्ज हुए मामलों में राहत पाने के लिए अकबरुद्दीन ओवैसी ने आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट की शरण ली है। मंगलवार को एमआईएम के विधायक अकबरउद्दीन ओवैसी ने हाई कोर्ट में अपील दायर कर अपने खिलाफ दर्ज किए गए सभी मामलों को रद्द करने की मांग की है।
ओवैसी की याचिका पर दो दिन के अंदर सुनवाई हो सकती है। ओवैसी ने निर्मल टाउन पुलिस के सामने प्रस्तुत होने के लिए भी चार दिन का वक्त मांगा है। इससे पहले आदिलाबाद पुलिस ने पुष्टि की थी कि ओवैसी ने हाजिर होने के लिए चार दिन का वक्त मांगा है। ओवैसी ने पुलिस के सामने अपने डॉक्टर की रिपोर्ट भी दी थी।
इसी बीच सोमवार शाम ओवैसी के घर पर आदिलाबाद पुलिस पहुंची। पुलिस ओवैसी से पूछताछ करने में भी सावधानी बरत रही है। ओवैसी के सैंकड़ों समर्थक उनके घर पर जमा हैं। ओवैसी के नजदीकी सूत्रों के मुताबिक यदि अदालत में उनकी याचिका रद्द हो गई तो वह हाई कोर्ट में ही आत्मसमर्पण कर सकते हैं। वहीं, हैदराबाद पुलिस के उच्च अधिकारियों के मुताबिक ओवैसी को गिरफ्तार करने से पहले उनसे पूछताछ की जाएगी।