'एक ही सिक्के के दो पहलू हैं ओवैसी और भागवत'
भड़काऊ भाषण के मामले में फंसे एमआईएम (मजलिस इतहाद-ए-मुसलेमीन) के विधायक अकबरउद्दीन ओवैसी की तुलना जनता दल यूनाइटेड ने मोहन भागवत से की है।
भड़काऊ भाषण मामले में अकबरउद्दीन ओवैसी को आज हैदराबाद की एक अदालत में पेश होना था, लेकिन वह नहीं हुए। इसी बीच जदयू नेता और प्रवक्ता शिवानंद तिवारी ने कहा है कि मोहन भागवत और अकबरउद्दीन ओवैसी एक ही सिक्के के दो पहलू हैं।
शिवानंद तिवारी ने कहा, 'आरएसएस सिर्फ हिंदुओं में नहीं है, आरएसएस मुसलमानों में भी है। मोहन भागवत और अकबरउद्दीन ओवैसी में कोई फर्क नहीं है। दोनों एक ही सिक्के के दो पहलू हैं।'
गौरतलब है कि अकबरउद्दीन ओवैसी ने हाल ही में हैदराबाद में एक भड़काऊ भाषण दिया था, जिसके बाद देश के अलग-अलग इलाकों में उन पर कई मामले दर्ज किए गए हैं। अकबरउद्दीन ओवैसी एमआईएम के विधायक हैं। भड़काऊ भाषण के बाद वह लंदन चले गए थे, लेकिन रविवार को जब वह हैदराबाद लौटे तो उनका समर्थकों ने शानदार स्वागत किया।
मोहन भागवत की तुलना ओवैसी से किए जाने पर मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और साध्वी उमा भारती ने कहा कि मोहन भागवत हमारे लिए पूजनीय हैं। जिस व्यक्ति ने उन पर टिप्पणी की है, उनकी मानसिक हालत पर हमें तरस आता है।
आरएसएस के प्रचारक इंद्रेश कुमार ने कहा है कि जिस व्यक्ति ने तुलना की है, उसे देशभक्त और देशद्रोही के बीच का फर्क नहीं मालूम है।
बिहार सरकार में पशुपालन मंत्री और भाजपा विधायक गिरिराज सिंह ने ओवैसी के बयान की तीखी आलोचना करते हुए कहा है कि मोहन भागवत से ओवैसी की तुलना को भाजपा बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा, 'मोहन भागवत ने पूरी जिंदगी भारत के संस्कारों और संस्कृति के लिए लगाई है, जो लोग उन्हें ओवैसी से जोड़ते हैं, वो दिमागी रूप से दिवालिया हैं।'