किशोर आयु कम करने की जरूरत नहीं : कृष्णा तीरथ
एजेंसी
| Jan 22, 2013, 12:33PM IST

नई दिल्ली. केंद्रीय महिला और बाल विकास मंत्री कृष्णा तीरथ ने किशोरों की आयु 18 से घटाकर 16 साल करने की वकालत तो नहीं की, लेकिन दिल्ली में हाल ही में घटी सामूहिक दुष्कर्म की घटना जैसे अपराधों में सख्त सजा दिये जाने का सुझाव रखा।
तीरथ ने सोमवार को यहां संवाददाताओं से कहा, ‘इस देश के सभी बच्चे हमारे बच्चे हैं। अगर हम 16 साल या 15 साल के बच्चे के बारे में बात करते हैं तो होगा यह कि 16 साल के अपरिपक्व बच्चे को बालिगों की तरह समझा जाएगा। मैं यह नहीं होने देना चाहती।’ उन्होंने कहा कि किशोर वर्ग की आयु को लेकर मेरे मंत्रालय का रुख अभी तक यही है कि यह 18 साल होनी चाहिए। लेकिन 16 दिसंबर के सामूहिक दुष्कर्म कांड जैसे दुर्लभ से दुर्लभतम मामलों में आरोपियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
दक्षिण दिल्ली में 23 वर्षीय छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना का जिक्र करते हुए तीरथ ने कहा, ‘जनता ने किशोर आरोपी के लिए कड़ी सजा की मांग की है जो घटना में शामिल अन्य आरोपियों से अधिक हिंसक था। मैं इसका समर्थन करती हूं।’






