उमा भारती ने धर्म के नाम पर किया निर्मल बाबा का बचाव

नयी दिल्ली. अजीबोगरीब उपायों के जरिए लोगों की समस्याओं के समाधान का दावा करने वाले विवादास्पद निर्मल बाबा को भाजपा नेता उमा भारती के रूप में मददगार मिल गया है। भारती ने निर्मल बाबा का सीधे तौर पर समर्थन तो नहीं किया लेकिन कहा कि दूसरे धर्मों में भी इसी प्रकार की सभाएं चलती हैं इसलिए किसी एक को ही निशाना नहीं बनाया जाना चाहिये। उन्होंने कहा कि भारत में ही नहीं बल्कि दूसरे देशों मे भी इसी प्रकार की धार्मिक सभाएं आयोजित की जाती हैं। ईसाई और दूसरे अन्य धर्मों के जानकार भी अपने भक्तों के साथ इसी प्रकार बैठ कर उनकी समस्यायों का समाधान करते हैं। तो निशाना सिर्फ निर्मल बाबा पर ही क्यों?
भाजपा की इस फायरब्रांड नेता ने कहा कि निर्मल बाबा को अकेले निशाना बनाया जाना गलत है। जो नियम बने वह सबके लिए बने। किसी एक को इस तरह देखा नहीं जाना चाहिये। उन्होंने कहा कि अगर निर्मल बाबा को रोकना है तो दक्षिण भारत में पॉल दिनाकरण को भी रोका जाना चाहिए।
वहीं, दरभंगा संसदीय क्षेत्र से लोकसभा सदस्य और बीजेपी के नेता कीर्ति आज़ाद ने निर्मल बाबा को ढोंगी करार दिया है। निर्मल बाबा को लेकर उमा भारती के बयान के बाबत पूछे जाने पर आज़ाद ने कहा, 'मुझे यह नहीं मालूम क्या उमा जी ने क्या कहा। निर्मल बाबा कौन है? वही जो गोलगप्पे खिलाते हैं? हम सभी को ढोंगी बाबा से सावधान रहना चाहिए। असली बाबा ऐसे टीवी पर नहीं आते। वे जंगलों-पहाड़ों और बनारस जैसी जगहों पर मिलते हैं।'
उधर, नागपुर क्राइम ब्रांच ने निर्मल बाबा के खिलाफ शिकायतों की जांच शुरू कर दी है। शिकायत अखिल भारतीय अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति ने दर्ज करवाई है। गुरुवार को क्राइम ब्रांच के अफसर समिति के अध्यक्ष उमेश चौबे के पास पहुंचे और जांच-पड़ताल की।
चाहो तो गोली मार दो, पीछे नहीं हटेंगे: रामदेव






