फैजाबाद. चुनाव आयोग की तमाम कसरत के बावजूद चुनाव में मतदाताओं को प्रभावित होने से रोका नहीं जा पा रहा है। मतदाता खासकर कम पढ़े-लिखे वोटर मतदान के रुख से प्रभावित होकर वोट दे रहे हैं। उत्तर प्रदेश के फैजाबाद जिले के बीकापुर विधानसभा क्षेत्र में बीकापुर मतदान केंद्र के एक मतदाता बुधिया का कहना है कि वह इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) पर लगे अंगूठे के निशान देखकर समझ जाता है कि किस चुनाव चिह्न पर सबसे ज़्यादा वोट पड़ रहे हैं। बुधिया का कहना है कि वह भी उसी बटन को दबाता है, जिस पर अंगूठे पर लगी स्याही सबसे ज़्यादा गाढ़ी दिखती है।
दरअसल, ईवीएम पर बटन दबाने से पहले मतदाताओं को हस्ताक्षर या अंगूठे के निशान लगाने होते हैं। ग्रामीण इलाकों में निरक्षर मतदाताओं की अच्छी खासी तादाद होने की वजह से ईवीएम पर बटन के तौर पर मौजूद विकल्पों पर अंगूठे की स्याही की छाप पड़ जाती है। ऐसे में जिस बटन पर स्याही के धब्बे सबसे ज़्यादा गाढ़े हो जाते हैं, बुधिया जैसे कई निरक्षर मतदाता उसी से हवा का रुख भांपते हुए जीत रहे उम्मीदवार का अंदाजा लगा लेते हैं और उसी उम्मीदवार को वोट दे देते हैं। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले चरण के तहत 10 जिलों की 55 विधानसभा सीटों पर आज मतदान हो रहा है।