'हवा' में वीवीआईपी हस्तियों की हत्या कर रहा है यह 'यमदूत'

हमारी अति विशिष्ट हस्तियां (वीआईपी) हेलिकॉप्टरों से हवाई यात्रा टाल नहीं सकतीं। कोई बात नहीं, लेकिन हवाई यात्रा संबंधित दिशा-निर्देशों का पालन तो किया जा सकता है। किंतु नहीं। ये निर्देश भी अक्सर हवा में उड़ा दिए जाते हैं। नतीजा- हादसे। हाल ही में झारखंड के मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ऐसे ही एक हादसे में बाल-बाल बच गए, लेकिन इस घटना ने वीआईपी की हवाई सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं को फिर बहस के केंद्र में ला दिया है।
वाईएसआर रेड्डी से लेकर तत्कालीन लोकसभा स्पीकर जीएमसी बालयोगी तक भारतीय राजनीति के कितने ही सितारे आसमानी हादसों के कारण समय से पहले ही अस्त हो गए। आज भी राजनेता चाहे सभा करने जाएं या किसी अन्य मीटिंग में शिरकत करने, उनकी पहली पसंद हेलिकॉप्टर ही होती है। यह स्वाभाविक भी है। हेलिकॉप्टर से तत्काल कहीं भी जाया जा सकता है। उसकी लैंडिंग भी आसान है।
हेलिकॉप्टर से यात्रा करने में कोई दिक्कत नहीं है, बशर्ते डायरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एविएशन (डीजीसीए) की गाइडलाइंस पर अमल किया जाए। लेकिन उसका तो खुलेआम उल्लंघन हो रहा है। हाल ही में झारखंड के मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ऐसी ही लापरवाही के कारण हुए हवाई हादसे का शिकार होते बाल-बाल बच गए। इंडियन एविएशन के इतिहास में क्रैश लैंडिंग की यह शायद इकलौती घटना है, जिसमें पॉयलट की सूझ-बूझ के कारण उसमें सवार सभी यात्रियों को बस कुछ चोटें ही आईं।
हादसों की प्रमुख वजह
डायरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एविएशन (डीजीसीए) ने अपनी एक रिपोर्ट में हेलिकॉप्टर हादसों की प्रमुख वजहें यह बताई हैं-
>लंबे लाइंग ऑवर्स >बार-बार टेकऑफ और लैंडिंग >मौसम में बदलाव >जल्दबाजी में बनाए गए हेलीपैड्स >संचार-एयर स्पेस मैनेजमेंट समुचित नहीं >सुरक्षा कर्मचारियों का तनावग्रस्त रहना >हेलिकॉप्टर में पर्याप्त जगह नहीं रहना
...जिनकी फ्लाइट लैंड नहीं हो पाई
1997: रक्षा राज्य मंत्री एनवीएन सोमू के साथ तीन रक्षा अधिकारी भी हेलिकॉप्टर हादसे में मारे गए। 2001: 12 सीटर प्लेन हादसे में कांग्रेस नेता माधवराज सिंधिया की मौत। उनके साथ कुछ पत्रकार भी मारे गए थे। 2002: तत्कालीन लोस अध्यक्ष जीएमसी बालयोगी की गोदावरी जिले के कैकालूर इलाके में हेलिकॉप्टर हादसे में मौत। 2005: उद्योगपति और राजनेता ओपी जिंदल की यूपी के सहारनपुर में हुए हवाई हादसे में मौत। 2009: आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता वाईएसआर रेड्डी हेलिकॉप्टर हादसे का शिकार हुए। 2011: अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री दोरजी खांडु का हेलिकॉप्टर हादसे में निधन। वे तवांग से इटानगर जा रहे थे।





