बेंगलुरु. कर्नाटक विधानसभा में पॉर्न वीडियो देखने के आरोपी तीन मंत्रियों को श्रीराम सेना ने 'गटर का पानी' बताया है। सेना के प्रमुख प्रमोद मुतालिख ने कहा, 'आजकल भाजपा में ढेर सारा गटर का पानी बह रहा है। जब ऐसा पानी बहता है तो बदबू सहना मुश्किल ही होता है। अगर यह पानी बाहर निकलेगा तो समाज को गंदा करेगा और पूरा माहौल खराब हो जाएगा। हम इसे रोकने की नीति बना रहे हैं।'
मुतालिख ने कहा कि इन विधायकों को पहले जेल भेजना होगा। हमारा विरोध अभी इसी पर केंद्रित रहेगा। सेना पूर्व मंत्रियों के खिलाफ सिलसिलेवार विरोध का कार्यक्रम बना रही है। उन्होंने कहा कि उनकी लड़ाई तब तक जारी रहेगी जब तक विधायकों को पार्टी से बाहर नहीं निकाल दिया जाता। मंत्री पद से इस्तीफा देना भर ही काफी नहीं है।
मुतालिख का यह बयान उन आरोपों के बाद आया है जिनमें कहा गया कि लड़कियों को बार जाने या जोड़ों को वेंलेंटाइन डे मनाने से रोकने वाली श्रीराम सेना इस मामले में खामोश है। साथ ही उडुपी में सेंट मैरी बीच पर हुई रेव पार्टी को लेकर भी सेना पर चुप रहने के आरोप लग रहे हैं। इस पर मुतालिख ने सफाई दी कि पॉर्न वीडियो देखने के आरोपी विधायकों के चुनाव क्षेत्र में उनकी ओर से प्रदर्शन किया गया था। उन्होंने कहा, 'हमने मालपे में हुई रेव पार्टी के खिलाफ भी आवाज उठाई थी और जिला प्रशासन को भी इस बारे में मेमोरेंडम सौंपा था।'
Related Articles: