मिशन 2014 के लिए राहुल का रास्ता?
पुण्य प्रसून वाजपेयी/अमित मिश्रा
| Oct 31, 2012, 08:55AM IST
जिस शख्स की पहचान कतार में खड़े होने की जगह कतार को अपने पीछे खड़े करने की हो, वह शख्स मनमोहन सिंह के मंत्रियों की कतार में कैसे खड़ा हो सकता है? लेकिन उस शख्स का अपना रास्ता क्या होगा? जो शख्स पारंपरिक या खांटी राजनेताओं के चंगुल से कांग्रेस को मुक्त कराकर युवाओं के हाथ में कांग्रेस को मजबूत होते हुए देखना चाहता हो, उस शख्स का रास्ता अब क्या होगा? जो शख्स किसानी राजनीति के जरिए कांग्रेस की पहचान लौटाने में भरोसा करता रहा और नेहरू से लेकर राजीव गांधी तक की मिश्रित अर्थव्यवस्था को ही देश की अर्थव्यवस्था की नब्ज मानकर संगठन में भाषण देता रहा, उस शख्स का रास्ता अब किस तरफ जाएगा? जाहिर है, ये ऐसे सवाल हैं, जिन्हें राहुल गांधी ने उठाया और अब यही सब सवाल राहुल गांधी के सामने आ खड़े हुए हैं।
राहुल गांधी (अब है राहुल गांधी के इम्तिहान का समय) कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बन सकते हैं। लेकिन यह सिर्फ एक पद है। और पद राहुल गांधी की मजबूरी नहीं है। वह कांग्रेस संगठन को मथने का समूचा दारोमदार उठा सकते हैं। राहुल गांधी हारे हुए राज्यों में कांग्रेस के अनुकूल समीकरण बनाने में व्यस्त हो सकते हैं। लेकिन यह सिर्फ जिम्मेदारी का एक भाव है। वह कांग्रेस के महासचिव होकर भी हर पद, हर जिम्मेदारी से ऊपर रहे है। तो सवाल है कि जो रास्ता राहुल गांधी को अपने लिए बनाना-दिखाना है उसकी जरूरत आज क्यों महसूस की जा रही है। क्या यह कांग्रेस की सरकार होकर भी कांग्रेस की नीतियों वाली सरकार नहीं लगती है। या फिर मनमोहन सिंह ने आर्थिक जीवन की एक ऐसी बड़ी लकीर खींच दी है, जिसके सामने पहली बार सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक सरोकार भी छोटे हो चले हैं। संयोग से कांग्रेस की राजनीति नेहरू से लेकर राजीव गांधी तक के दौर में कभी आर्थिक मंत्र के आसरे नहीं चली।






