शर्मनाक : दिल्ली में डर से नौकरी छोडऩे लगी महिलाएं
एजेंसी
| Jan 04, 2013, 11:47AM IST
नई दिल्ली। राजधानी में हुई गैंगरेप की घटना के बाद महिलाओं की कार्यक्षमता पर भी बुरा असर पड़ा है। यह कहना है एसोचैम का, जिसने अपने एक सर्वे के जरिए बताया है कि इस घटना के बाद आईटी और बीपीओ कंपनियों में एक पखवाड़े के दौरान महिलाओं की वर्क प्रोडक्टिविटी में खासी गिरावट देखने को मिली है। दिल्ली-एनसीआर इलाके में तो महिलाओं की वर्क प्रोडक्टिविटी में 40 फीसदी तक की कमी आई है। आईटी और बीपीओ कंपनियों की हर तीन में से एक महिला ने या तो सूरज ढलने के बाद अपने काम के घंटों में कटौती कर दी है, या फिर नौकरी ही छोड़ दी है।
जाहिर है, इस घटना से महिलाएं बुरी तरह डरी हुई हैं। यह सर्वे एसोचैम सोशल डेवलपमेंट फाउंडेशन व एएसडीएफ ने किया है। इस घटना का असर न केवल दिल्ली-एनसीआर में, बल्कि चेन्नई, बेंगलुरु, मुंबई, हैदराबाद, पुणे, अहमदाबाद, लखनऊ, जयपुर, देहरादून जैसे शहरों में देखने को मिला है। एसोचैम ने यह सर्वे 2500 महिलाओं पर किया।








