राज्यदिल्ली
मध्य प्रदेश
राजस्थान
छत्तीसगढ़
हिमाचल
पंजाब
हरियाणा
चंडीगढ़
उत्तर प्रदेश
बिहार
झारखंड
महाराष्ट्र
गुजरात
जम्मू-कश्मीर
पिता से की छेड़खानी की शिकायत तो बदले में मिला 'तेजाब'
भास्कर न्यूज
| Dec 12, 2012, 01:53AM IST

रायकोट। पंजाब में मनचलों की हरकतें बढ़ती जा रही हैं। मंगलवार सुबह कच्च किला इलाके में बाइक सवार दो लड़कों ने स्कूल जा रही छात्रा पर सरेआम तेजाब फेंका और फरार हो गए। घटना में छात्रा का चेहरा, हाथ-पैर बुरी तरह से झुलस गए। लोगों ने छात्रा को लाइफ केयर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस के अनुसार लड़की को आएदिन ये बदमाश छेड़ा करते थे, जिसकी शिकायत उसने पिता से की थी। इसी कारण लड़कों ने ऐसी वारदात की।
पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंच आसपास रहने वाले लोगों के बयान दर्ज किए हैं लेकिन मनचलों का कोई सुराग नहीं मिला। गांव जलवाणा में रहने वाले रेशम सिंह की बेटी नवजोत कौर ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वो रायकोट पब्लिक स्कूल में बारहवीं मेडिकल की छात्रा है।
कुछ दिन से उक्त लड़के उसके साथ छेड़छाड़ और बदतमीजी कर रहे थे। इस बात की जानकारी उसने अपने माता-पिता को दी। इसके बाद से उसके पिता उसे रायकोट के कुतबा गेट इलाके में ट्यूशन सेंटर तक छोड़ने आते थे। ट्यूशन पढ़ने के बाद वो सीधा स्कूल चली जाती।
मंगलवार सुबह भी वो ट्यूशन सेंटर से स्कूल जा रही थी कि रास्ते में मोटरसाइकिल पर आए लड़कों ने उस पर तेजाब फेंक दिया। डीएसपी रायकोट अमरीक सिंह मन्हास ने बताया कि आरोपियों को किसी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। जल्दी ही दोनों पुलिस के शिकंजे में होंगे।
..इधर छेड़छाड़ से रोका तो पुलिसकर्मी को धुना
अजनाला। मुख्य चौराहे पर युवतियों को छेड़ रहे लड़कों को मना करने पर उन्होंने पुलिसकर्मी को पीट डाला। जब अन्य पुलिसकर्मी वहां पहुंचे तो युवकों ने भागने की कोशिश की लेकिन तीन को गिरफ्तार कर लिया गया। इनकी पहचान कवलजीत बावा उसका भाई विक्रमजीत बावा और विशाल राजन निवासी माहल के रूप में हुई है।
डीएसपी राजासांसी जगतबीर सिंह ने बताया कि चौगावां के मुख्य चौराहे पर लोपोके पुलिस ने नाका लगाया था। इस दौरान वहां कार पर तीनों युवक वहां से गुजर रही युवतियों को परेशान कर रहे थे, जिस पर वहां तैनात डीएसपी के गनमैन अमरीक सिंह ने जब उन्हें वहां से हट जाने को कहा तो युवकों ने उसे पीट दिया।
केंद्र सरकार से कड़ा कानून बनाने की करेंगे मांग
देश की बेटियों को सुरक्षा देने और अपराधियों को तुरंत सजा दिलाने के लिए केंद्र सरकार से नया कानून बनाने की मांग की जाएगी। हालांकि देश में पंजाब ही एक मात्र ऐसा प्रदेश है जहां कानून व्यवस्था को कोई खतरा नहीं है। एएसआई हत्या कांड के अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा। कांग्रेस इस कांड पर राजनीति कर रही है।
-प्रकाश सिंह बादल,
मुख्यमंत्री पंजाब






