विज्ञापन दान का, किडनी बेच रहे 12 लाख रुपए में
Source: प्रेम वर्मा | Last Updated 06:09(08/02/12)
पटियाला. लुधियाना, जालंधर और अमृतसर में ऐसा किडनी रैकेट सक्रिय है जो अखबारों में ‘किडनी दान’ के विज्ञापन की आड़ में एक किडनी का सौदा चार लाख से 12 लाख रुपए में कर रहा है। इसका खुलासा तब हुआ जब नौजवान वेलफेयर सोसायटी बठिंडा के चेयरमैन सोनू महेश्वरी ने विज्ञापन में दिए मोबाइल नंबर पर संपर्क किया।
फोन पर हुई बातचीत में दान वाली कोई बात नहीं हुई उलटा एक किडनी के बदले चार लाख से लेकर 12 लाख रुपए मांगे गए। माहेश्वरी ने फोन पर हुई बातचीत की रिकॉर्डिग और अन्य सुबूत हाईकोर्ट में सौंप मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। इस संबंधी याचिका हाईकोर्ट के वकील एससी अरोड़ा के जरिए दायर की गई।
13 फरवरी को सुनवाई
हाईकोर्ट के वकील एचसी अरोड़ा ने बताया कि इस मामले संबंधी उन्होंने 13 फरवरी को अदालत में अपनी कार्रवाई रिपोर्ट पेश करनी है।
फोन पर इन शहरों में बुलाया
महेश्वरी ने बताया कि विज्ञापन में दिए नबंरों पर जब संपर्क किया तो बातचीत के बाद लाखों रुपए में सौदा तय हो गया। अलग-अलग नंबरों में सौदा होने के बाद उन्हें लुधियाना, अमृतसर व जालंधर जैसे शहरों में मिलने के लिए बुलाया गया था।
उन्होंने बताया कि इन सभी फोन कॉल की रिकार्डिग उन्होंने सबूत के तौर पर अदालत में पेश कर दी है।इस तरह का एक केस पटियाला से भी जुड़ा था, जिस संबंध में अदालत के निर्देश पर पटियाला पुलिस कार्रवाई कर रही है व एक आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है।