टांडा उड़मुड़. पत्नी की मौत से आहत सेवामुक्त फौजी ने वीरवार देर रात फंदा लगा कर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान सूबेदार गुरमीत सिंह (60) पुत्र मुख्तयार सिंह निवासी नंगली के रुप में हुई है। मृतक के पास से पुलिस को मिले सुसाइड नोट में भी गुरमीत ने खुलासा किया है कि उसे उसकी पत्नी कई दिनों से अपने पास बुला रही है और वो उसके पास ही जा रहा है। वह अपनी मौत के लिए भी खुद ही जिम्मेदार है। पुलिस को दिए बयानों में मनिंदर कौर पत्नी गुरमेल सिंह निवासी अवान भीखेशाह ने भी अपने दिए बयान में बताया कि उसकी मां की मौत के बाद उसके पिता परेशान रहते थे, जिस कारण उन्होंने आत्महत्या कर ली।
आठ वर्ष पहले हो चुकी पत्नी की मौत
तीन बच्चों के बाप सूबेदार गुरमीत सिंह की बेटियां मनिंदर कौर और परमिंदर कौर शादीशुदा है और बेटे प्रभजोत के इटली जाने के बाद घर में अकेला ही रहता था। उसकी पत्नी सुरिंदर कौर की आठ वर्ष पहले मौत हो गई थी और अपनी पत्नी की मौत व जुदाई से आहत था। टांडा पुलिस के एएसआई सुरिंदरपाल सिंह खैहरा ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लिया। मृतक की पुत्री मनिंदर कौर के बयानों के आधार पर पुलिस ने धारा 174 के तहत कार्रवाई कर शव वारिसों को सौंप दिया है।