वोटों की गिनती के लिए खास इंतजाम
Source: आरती सेठ | Last Updated 03:00(06/02/12)
जालंधर. शांतिपूर्ण मतदान के बाद अब चुनाव आयोग और जिला प्रशासन मतगणना के लिए भी खास इंतजाम कर रहा है। वोटों की गिनती रिटर्निग अधिकारियों की देखरेख में गजटेड अधिकारी करेंगे। 6 मार्च को कुछेक राउंड के बाद ही परिणाम लगभग स्पष्ट हो जाएगा।
डिप्टी डायरेक्टर लोकल गवर्नमेंट व रिटर्निग अधिकारी करनैल सिंह के बताया कि हरेक हलके में गिनती शुरू होने से 15 मिनट पहले स्ट्रांग रूम के बाहर चुनाव आयोग की टीम पहुंच जाएगी। माइक्रो आब्जर्वर की निगरानी में स्ट्रांग रूम की सील खोली जाएगी। 14 टेबल लगाए जाएंगे। हरेक टेबल पर एक गजटेड अधिकारी व एक क्लास थ्री कर्मचारी होगा। टेबल पर दो सेवादार भी होंगे।
इन सेवादारों को टेबल नंबर अलाट किए जाएंगे। एक टेबल रिटर्निग अधिकारी का होगा। 14 टेबलों के लिए एक वक्त में 14 ईवीएम मशीनें ही स्ट्रांग रूम से बाहर निकाली जाएंगी। माइक्रो आब्जर्वर व रिटर्निग अधिकारी की निगरानी में मशीनों की सील चेक की जाएगी।
कैसे चेक होगा रिजल्ट
ईवीएम मशीन में एक रिजल्ट बटन होता है। इसे मतदान के वक्त सील कर दिया जाता है। गिनती से पहले रिजल्ट बटन की सील चेक की जाएगी। सील खोलने के बाद सभी टेबलों पर बैठे अधिकारी रिजल्ट बटन दबाएंगे। बटन दबाते ही सारा रिजल्ट खुद ब खुद ट्रेस हो जाएगा। रिजल्ट का परफार्मा भर कर कंपाइलिंग के लिए रिटर्निग अधिकारी को सौंप दिया जाएगा। तब तक सेवादार वह ईवीएम मशीनें वापस स्ट्रांग रूम में रख देंगे और वहां से 14 नई मशीनें दोबारा टेबलों पर रख दी जाएंगी।
एक राउंड में 25-30 मिनट की प्रक्रिया के दौरान रिजल्ट तैयार कर लिया जाएगा। नार्थ हलके में 167, सेंट्रल में 152, वेस्ट में 151 व कैंट में 192 बूथ हैं। इसके मुताबिक ही 14 से 20 राउंड में सारा रिजल्ट तैयार कर लिया जाएगा। हरेक राउंड के रिजल्ट की जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।