डीजल के दाम बढ़ने पर प्रदर्शन

लुधियाना/जालंधर/पटियाला/बठिंडा/अमृतसर। डीजल के दाम बढ़ने व रसोई गैस के छह सिलंडरों के बाद सब्सिडी खत्म करने के केंद्र सरकार के फैसले के खिलाफ भाजपा ने शुक्रवार को राज्यभर में प्रदर्शन किए। भाजपा का कहना है कि केंद्र सरकार के इस फैसले का असर सभी वर्गो पर पड़ेगा और महंगाई आसमान छुएगी। ट्रकों में किराया बढ़ जाएगा, जिसका असर खाद्य पदार्थो की कीमतों पर पड़ेगा।
शुक्रवार को लुधियाना, पटियाला, जालंधर, बठिंडा आदि में भाजपा कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के पुतले फूंके और कहा कि केंद्र को यह फैसला वापस लेना चाहिए। लुधियाना में शिंगार सिनेमा के नजदीक कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई। पटियाला में कांग्रेस अध्यक्ष कैप्टन अमरिंदर सिंह के घर के बाहर प्रदर्शन हुआ। वहां प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी आदि के पुतले फूंके गए।
युवा हिंदू ब्रिगेड ने शुक्रवार को मदन फ्लोर मिल चौक पर महंगाई के खिलाफ केंद्र सरकार का पुतला फूंका। युवा ब्रिगेड के अध्यक्ष गुलशन शर्मा व चेयरमैन अमरजीत सिंह अमरी ने कहा कि केंद्र सरकार का लक्ष्य गरीबी नहीं, बल्कि गरीबों को खत्म करना है।
यूथ अकाली देगा धरने
यूथ अकाली दल के प्रधान बिक्रम सिंह मजीठिया ने कहा कि यूपीए सरकार ने डीजल के दाम बढ़ाकर हर वर्ग पर बोझ डाला है। इसके खिलाफ जिला स्तर पर धरने देने का फैसला किया गया है। मजीठिया ने कहा कि केंद्र सरकार बड़े घरानों के हाथों देश के मध्यम वर्ग और गरीबों के घरों के चूल्हे ठंडे करने पर तुली हुई है। यदि इस फैसले को वापस नहीं लिया गया तो लोग २क्१४ के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों को सबक सिखाकर रहेंगे।









