चुनाव आयोग ने मंगवाई बेरी शराब पर्ची कांड की सीडी
Source: bhaskar News | Last Updated 01:29(02/02/12)
जालंधर. बेरी शराब पर्ची कांड को लेकर पुलिस की जांच भले ही एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी वहीं रुकी हुई है, लेकिन इस मामले को लेकर चुनाव आयोग सख्त नजर आ रहा है। आयोग ने बुधवार को जिला चुनाव अधिकारी से इस कांड की सीडी मंगवा ली है।
चुनाव आयोग जल्द ही इस मामले की जांच को लेकर पुलिस से जबाव तलब कर सकता है। पुलिस अब तक यह पता भी नहीं लगा पाई है कि सेंट्रल से कांग्रेस कैंडीडेट राजिंदर बेरी के दफ्तर से शराब के लिए पर्ची बना कर देने वाले वे दो लोग कौन थे। न ही पुलिस ने इंडस्ट्रियल एस्टेट स्थित ठेके के कारिंदे से मामले को लेकर उसके बयान लिए।
ठेके का यह कारिंदा 27 जनवरी को मीडिया के समक्ष आकर अपना पक्ष रख चुका है। एसीपी (सेंट्रल) नरेश डोगरा का कहना है कि मामले की जांच एसएचओ बलविंदर सिंह कर रहे हैं और जल्द जांच पूरी हो जाएगी। एसीपी का कहना था कि मामले के सामने आने के बाद यह केस दर्ज किया गया था, मगर सीधे तौर पर राजिंदर बेरी इस मामले में आरोपी नहीं हैं।
23 जनवरी को निजी चैनल ने बेरी के दफ्तर में वोटरों को लुभाने के लिए पर्ची के जरिए बांटी जाने वाले शराब का स्टिंग आपरेशन करने का दावा किया था। थाना -4 में चैनल के रिपोर्टर परमजीत सिंह रंगपुरी के बयान पर 25 जनवरी को एफआईआर दर्ज की गई थी।