गुरदास बादल बोले- बादल जीतेंगे पर सरकार कांग्रेस की
Source: Bhaskar News | Last Updated 04:22(05/02/12)
मुक्तसर. पंजाब पीपुल्स पार्टी के संरक्षक गुरदास बादल ने शनिवार को अपने मन में छुपी हुई बातें खुलकर बयां कीं। सांझा मोर्चा के प्रत्याशी हनी फत्तणवाला के आवास पर उन्होंने कहा कि लंबी से उनके भाई मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल जरूर जीत जाएंगे लेकिन पंजाब में सरकार कांग्रेस की ही बनेगी और सांझा मोर्चा सरकार बनाने में अहम योगदान देगा। लंबी सीट पर उन्होंने स्वयं को बाहर बताया।
गुरदास बादल ने कहा कि लंबी क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी महेशइंद्र सिंह बादल तथा मुख्यमंत्री परकाश सिंह बादल के बीच कांटे की टक्कर बनी हुई थी लेकिन महेशइंद्र इस बार चुनाव प्रचार में उतने सरगर्म नहीं हुए जितने मुख्यमंत्री बादल। कुल मिलाकर लंबी सीट मुख्यमंत्री बादल के खाते में जाती हुई ही नजर आ रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य में आने वाली सरकार कांग्रेस की ही होगी लेकिन सरकार बनाने में सांझा मोर्चा की अहम भूमिका रहेगी। सांझा मोर्चा के उम्मीदवार 20 से अधिक सीटों पर विजय प्राप्त करेंगे। मुक्तसर से सांझा मोर्चा के प्रत्याशी जगजीत सिंह हनी फत्तणवाला ने कहा कि मोर्चे के जितने भी प्रत्याशी हैं चाहे वे विजयी हों या पराजित लोगों की सेवा में सदा जुटे रहेंगे। इस मौके पर अंग्रेज सिंह उदयकरण, सरपंच गुर प्यार सिंह, खड़क सिंह सरपंच, मनजीत सिंह फत्तणवाला, गुरजिंदर सिंह बराड़, कर्मजीत कर्मा, जसपाल सिंह जस्सी आदि मौजूद थे।
गठबंधन से ऊब चुकी है जनता
गुरदास बादल ने कहा कि पंजाब की जनता अकाली-भाजपा गठबंधन से बहुत ऊब चुकी है। परिणाम आने के बाद अकाली-भाजपा गठबंधन ढूंढता रहेगा कि उनका कोई प्रत्याशी विजयी भी हुआ है कि नहीं।