काहनूवान (गुरदासपुर)। सोमवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे इंडियन एयरफोर्स के हेलीकॉप्टर में आई तकनीकी खराबी के कारण थाना भैणी मिया खां में के गांव पुरानी बागड़ियां में उसे लैंड करना पड़ा। हेलीकॉप्टर के पायलट की सूझबूझ से उसमें सवार 17 अफसरों की टीम सही सलामत है। हेलीकॉप्टर की लैंडिंग की सूचना मिलने पर थाना भैणी मिया खां की एसएचओ बलजीत कौर पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची।
हेलीकॉप्टर गांव में उतरते देख सैकड़ों लोग हेलीकॉप्टर के पास इकट्ठे हो गए। जिस कारण पुलिस और एयरफोर्स के अधिकारियों ने हेलीकॉप्टर को चारों तरफ से घेर लिया। हेलीकॉप्टर को ठीक करने के लिए एयरफोर्स के आफिसर्स ने फोन करके इंजीनियर्स को बुलाया।
इंडियन एयरफोर्स का हेलीकॉप्टर जैड-3369 में कमांडेंट टीके सिंह 17 जवानों की टीम के साथ उधमपुर एयरफोर्स स्टेशन से टेकओवर कर लुधियाना के नजदीक स्थित हलवारा हवाई स्टेशन पर जा रहे थे कि सुबह करीब साढ़े 11 बजे बजे हेलीकॉप्टर गांव पुरानी बागड़ियां के नजदीक पहुंचा तो उसमें तकनीकी खराबी आ गई। पायलट को जैसी ही हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी का पता चला, उसने लैंड करने के लिए सुरक्षित जगह की तलाश की और गांव के श्मशानघाट के नजदीक खेतों में सुरक्षित उतार दिया।
उधर, मौके पर पहुंचे पत्रकारों ने एयरफोर्स अधिकारियों से बातचीत की तो उन्होंने कुछ भी बताने से इंकार कर दिया। आपात लैंडिंग की सूचना एयरफोर्स के अधिकारियों ने अपने हेड क्वार्टर को दी। जिसके बाद चार सीटों वाला एक हेलीकॉप्टर इंजीनियरों की टीम को लेकर गांव में पहुंच गया लेकिन खबर लिखे जाने तक इंजीनियरों की टीम को हेलीकॉप्टर में आई तकनीकी खराबी का पता नहीं चल सका था। फिलहाल हेलीकॉप्टर सुरक्षा में है।