रेलवे स्टेशन पर मिलीं तीन लावारिस बच्चियां
Source: भास्कर न्यूज | Last Updated 02:07(10/02/12)
अमृतसर/जालंधर. गरीबी और ऊपर से तीन छोटी बच्चियां। निराश मां-बाप ने कलेजे पर पत्थर रख तीनों को ट्रेन में बैठा दिया। बच्चियां बुधवार देर रात अमृतसर पहुंच गई। स्टेशन मेन गेट के पास तीनों ठंड से ठिठुर रही थीं। तीनों को जीआरपी थाना पहुंचाया गया।
एसआई राम किशन को बड़ी लड़की काजल (11 साल) ने बताया कि वह बहन पूजा और ज्योति के साथ जालंधर से ट्रेन में अमृतसर पहुंची। उसका परिवार जालंधर स्थित दाना मंडी की झुग्गियों में रहता है। पिता का नाम बिक्रम और मां का नाम मीना है।
परिवार में काफी गरीबी है, इसलिए उसके मां-बाप भीख मांगने का काम भी करवाते रहे। कल उन्होंने ट्रेन में बैठा दिया, जिससे वह अमृतसर आ गई। पुलिस इन्हें मां-बाप के पास पहुंचाने जालंधर आई। लेकिन दाना मंडी में वे मिले ही नहीं। पुलिस फिर से इन्हें अमृतसर ले गई। अब शुक्रवार को इन्हें अदालत में पेश किया जाएगा और फिर यह फैसला होगा कि इन्हें कहां रखा जाए।